बढ़ते साइबर अपराध और लंबित मामलों पर आईजी सख्त, पुलिस अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
पटना और नालंदा में बढ़ते साइबर अपराध और लंबित कांडों के निष्पादन में सुस्ती पर आईजी जितेंद्र राणा ने सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में उन्होंने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए साइबर अपराध, एनडीपीएस और बीट पुलिसिंग लेकर कड़े निर्देश दिए....
Patna : पटना और नालंदा जिले में बढ़ते साइबर अपराध तथा लंबित मामलों के निष्पादन में सुस्ती को लेकर आईजी जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। सोमवारको आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने पटना एसएसपी, तीनों सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, नालंदा एसपी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों की समीक्षा की। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुलिसिंग और कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साइबर अपराध के मामलों के त्वरित निपटारे और पोर्टल अपडेट रखने का निर्देश
बैठक के दौरान साइबर अपराध से जुड़े मामलों के निष्पादन में धीमी गति सामने आने पर आईजी ने गहरी नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द लंबित मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया और कहा कि दोबारा समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े मनी रिस्टोरेशन, ग्रीवांस रिड्रेसल और समन्वय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई को नियमित रूप से अपडेट रखने पर जोर दिया।
एनडीपीएस मामलों में तीन दिन के भीतर विनष्टीकरण प्रस्ताव तैयार करने का आदेश
आईजी जितेंद्र राणा ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया तेज करने और बड़े सप्लायरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिक मात्रा में जब्त किए गए मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में अगले तीन दिनों के भीतर विनष्टीकरण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा है।
बीट पुलिसिंग की जवाबदेही तय करने और थानाध्यक्षों को नियमित निगरानी के निर्देश
अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए बैठक में बीट पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। आईजी ने निर्देश दिया कि थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में संबंधित बीट पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाए।
गली-मोहल्लों में पैदल व बाइक गश्ती बढ़ाने तथा वाहन जांच अभियान चलाने का आदेश
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गली-मोहल्लों में पैदल गश्ती और बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा प्रमुख सड़कों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
अनिल की रिपोर्ट