Patna News: पटना में सुबह सुबह युवक की सिर में गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी, हाल ही में जेल से निकला था मृतक

Patna News: राजधानी पटना में एक बार फिर अपराधियों का ताडंव देखने को मिला है। अपराधियों ने एक युवक के सिर में गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि मृतक हाल ही में जेल से निकला था।

युवक की सिर में मारी गोली - फोटो : reporter

Patna News: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी अनुसार सुबह सुबह बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल, मामला फुलवारी थाना क्षेत्र स्थित विकास बिहार कॉलोनी रेल लाइन का है। जहां युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।  

हाल ही में जेल से बाहर आया था मृतक 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान नौबतपुर के दरियापुर गांव निवासी कुख्यात अपराधी सुनील कुमार यादव के रुप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक चंद दिनों पहले जेल से निकल कर आया था। फिलहाल पुलिस घटना स्थल पर पहुंची है और मामले की पड़ताल में जुटी है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। 

दिनदहाड़े सिर में मारी गोली 

सुबह गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो सुनील यादव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

कई संगीन मामलों का है आरोपी 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुनील यादव के खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे गैंगवार या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नौबतपुर में विरोधी गिरोह से खतरे के कारण उसने फुलवारी शरीफ में ठिकाना बनाया था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जेल से बाहर आने के बाद वह किन लोगों के संपर्क में था और हाल के दिनों में उसका किसी से विवाद तो नहीं हुआ था। थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट