Accident News: गुरुग्राम में भीषण हादसा, निर्माणाधीन दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत, कई घायल, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Accident News: हरियाणा के गुरुग्राम में भीषण हादसा में 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है। कई मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को निकाला गया।

गुरुग्राम में भीषण हादसा - फोटो : social media

Accident News: हरियाणा के गुरुग्राम से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां निर्माणाधीन सोसायटी की दीवार गिर जाने से 7 मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल, पूरा मामला गुरुग्राम के सिधरावली इलाके का है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। यहां एक निर्माणाधीन सोसायटी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। 

7 मजदूरों की मौत 

इस हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सोसायटी परिसर में मजदूर काम कर रहे थे और कुछ मजदूर पास ही आराम कर रहे थे। अचानक जोरदार आवाज के साथ दीवार गिर गई और वहां मौजूद कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

कई घंटे तक चला बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल(SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद भारी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे में सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल जिला प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के पीछे लापरवाही थी या कोई और कारण।