बिग बॉस के घर में आम्रपाली दुबे का धमाल, बाहर रिलीज हुआ नई फिल्म ‘रोजा’ का फर्स्ट लुक
भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अभिनेत्री आम्रपाली दुबे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के घर में अपनी दमदार मौजूदगी को लेकर सुर्खियों में हैं, वहीं दूसरी ओर घर से बाहर उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रोजा’ का आधिकारिक फर्स्ट लुक जारी हो गया है...
Patna : भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों मनोरंजन जगत में दोहरा तहलका मचा रही हैं। एक तरफ जहां वे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के घर में अपनी दमदार मौजूदगी को लेकर सुर्खियों में हैं, वहीं दूसरी ओर घर से बाहर उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रोजा’ का आधिकारिक फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। 'भोजपुरिया बवाल' में अपने खास अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचने के बाद अब बिग बॉस और नई फिल्म के फर्स्ट लुक के इस डबल डोज ने उनके प्रशंसकों को बड़ा सरप्राइज दिया है।
मंदिर, धार्मिक आस्था और सामाजिक संघर्ष पर आधारित पोस्टर
NJFC Excel Entertainment के बैनर तले बन रही फिल्म ‘रोजा’ का फर्स्ट लुक पोस्टर दर्शकों का ध्यान तेजी से अपनी ओर खींच रहा है। जारी किए गए पोस्टर में मंदिर, धार्मिक आस्था और सामाजिक संघर्ष की गहरी झलक देखने को मिल रही है। पोस्टर में आम्रपाली दुबे का गंभीर और प्रभावशाली अवतार यह साफ संकेत देता है कि यह फिल्म केवल साधारण मनोरंजन तक सीमित न होकर सामाजिक सरोकारों और आस्था के इर्द-गिर्द बुनी गई एक सशक्त कहानी है।
बिग बॉस के घर में रहने के दौरान मिला प्रमोशन का फायदा
दिलचस्प बात यह है कि जब आम्रपाली दुबे बिग बॉस के घर में बंद रहकर दर्शकों के बीच अपनी पहचान और लोकप्रियता को नए आयाम दे रही हैं, ठीक उसी समय निर्माताओं ने फिल्म का प्रमोशन शुरू किया है। अभिनेत्री की बिग बॉस में मौजूदगी के कारण सोशल मीडिया और भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के बीच फिल्म ‘रोजा’ को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है। इस सही टाइमिंग के चलते फिल्म के प्रति दर्शकों का आकर्षण और चर्चा दोनों तेज हो गए हैं।
दिग्गज कलाकारों और मजबूत स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म ‘रोजा’ का निर्माण निर्माता अमित सिंह चौहान कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की कमान इश्तियाक शेख बंटी ने संभाली है। इस फिल्म में आम्रपाली दुबे के साथ आजम शेख, ज्योति मिश्रा, अमित शुक्ला, अयाज खान, जे. नीलम, विद्या सिंह, संतोष श्रीवास्तव, स्लेशा मिश्रा, नीलम पाण्डेय, अनु ओझा और उल्हास कुदवा जैसे कई मंझे हुए कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
ओम झा के संगीत और मजबूत टेक्निकल टीम के साथ जल्द सिनेमाघरों में
तकनीकी टीम की बात करें तो फिल्म का कर्णप्रिय संगीत ओम झा ने दिया है और डीओपी डी.के. शर्मा हैं। नृत्य निर्देशन कानू मुखर्जी व सोनू प्रीतम ने किया है, जबकि स्क्रीनप्ले इश्तियाक शेख बंटी व शकील नियाजी तथा संवाद शकील नियाजी ने लिखे हैं। अब आम्रपाली के प्रशंसकों की निगाहें बिग बॉस में उनके आगे के सफर और सिनेमाघरों में फिल्म 'रोजा' की रिलीज पर टिकी हुई हैं।
रोहित की रिपोर्ट