पटना सिटी में पिस्टल लहराकर खौफ फैलाने वाले दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, दो पिस्टल और सात कारतूस बरामद

पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हथियार लहराकर लोगों के बीच दहशत पैदा करने वाले दो बदमाशों को हथियार के साथ धर दबोचा है....

पटना सिटी में पिस्टल लहराकर खौफ फैलाने वाले दो हथियार तस्कर
पटना में दो हथियार तस्कर गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध देसी पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी मच्छरहट्टा बाजार और ठेठी घाट मंदिर के पास खुलेआम पिस्टल लहराकर व्यापारियों और आम लोगों के बीच दहशत का माहौल बना रहे थे, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को धर दबोचा।


पुलिस को देखकर भागने लगा कुख्यात, खदेड़कर दबोचा 

पटना पूर्वी की पुलिस अधीक्षक (SP) शैलजा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 13 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि ठेठी घाट के पास कुछ असामाजिक तत्व हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब ठेठी घाट पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस बल को देखकर भागने लगा, जिसे जवानों ने घेराबंदी कर खदेड़कर पकड़ लिया।


सुनील राय और नवीन शर्मा के पास से मिले अवैध हथियार 

पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम सुनील राय उर्फ बैताल राय, पिता- चूनहाई राय बताया। पुलिस ने जब उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी ली, तो वहां से एक अवैध देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, उसके साथी नवीन शर्मा, पिता- स्वर्गीय जगनारायण शर्मा की तलाशी लेने पर उसके पास से भी एक देसी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं। दोनों आरोपी खाजेकलां थाना क्षेत्र के ठेठी घाट के ही रहने वाले हैं।


आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, सुनील राय का रहा है आपराधिक इतिहास 

पुलिस ने इस संबंध में खाजेकलां थाना कांड संख्या 585/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सुनील राय उर्फ बैताल राय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इलाके में भय का माहौल बनाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम देना इनका मुख्य मकसद रहा है।


हथियार नेटवर्क और भावी साजिश की जांच में जुटी पुलिस 

सफल कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस बात की गहन जांच में जुटी है कि आरोपियों तक यह अवैध हथियार और कारतूस किस गिरोह के माध्यम से पहुंचे थे। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए तो नहीं किया जाना था। पुलिस का दावा है कि तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट