छठ से पहले महंगा हुआ अमूल दूध, पटना में 4 रुपये तक बढ़े दाम, जानिए नई कीमत
अमूल ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे दूध उत्पादन की बढ़ती लागत को वजह बताया है। कंपनी की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि दूध उत्पादन की लागत में लगातार वृद्धि होने के कारण कीमतों में बदलाव किया गया है।
छठ महापर्व से ठीक पहले बिहार के लोगों को महंगाई का झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने पटना और आसपास के बाजारों में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दूध के अलग-अलग वैरिएंट पर 1 से 4 रुपये प्रति पैकेट तक की वृद्धि की गई है। नई कीमतें 12 नवंबर 2026 यानी शुक्रवार की सुबह से लागू हो गई हैं। ऐसे में छठ पूजा की तैयारियों के बीच दूध की बढ़ी कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर पड़ना तय है।
अमूल की ओर से जारी नई मूल्य सूची के मुताबिक, आधा लीटर से लेकर एक लीटर तक के पैकेट पर कीमतें बढ़ाई गई हैं। सबसे अधिक 4 रुपये की बढ़ोतरी एक लीटर अमूल गाय के दूध, अमूल शक्ति और अमूल गोल्ड में हुई है। वहीं, अमूल ताजा के एक लीटर पैकेट की कीमत 2 रुपये बढ़ाई गई है।
गौरतलब है कि बिहार में छठ पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हो रही है। इस दिन कद्दू-भात बनाने से छठ के चार दिवसीय त्योहार की शुरुआत होती है, वहीं शनिवार को खरना होगा जिस दिन गुड़ की खीर बनती है। इस दिन बड़े स्तर पर दूध की खपत होगी। ऐसे में अमूल दूध के कीमतें बढने से छठ के पहले लोगों को बड़ा झटका लगा है।
दूध उत्पादन की लागत बढ़ने को बताया वजह
अमूल ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे दूध उत्पादन की बढ़ती लागत को वजह बताया है। कंपनी की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि दूध उत्पादन की लागत में लगातार वृद्धि होने के कारण कीमतों में बदलाव किया गया है। इसके लिए कंपनी ने उपभोक्ताओं से खेद भी जताया है।
अमूल दूध की नई कीमतें
कंपनी की ओर से जारी सूची के अनुसार, पटना और आसपास के बाजारों में दूध की पुरानी और नई कीमतें इस प्रकार हैं।
दूध का प्रकार पैक पुरानी कीमत नई कीमत
अमूल ताजा 500 मिली ₹29 ₹30
अमूल ताजा 1 लीटर ₹56 ₹58
अमूल गाय का दूध 500 मिली ₹30 ₹32
अमूल गाय का दूध 1 लीटर ₹58 ₹62
अमूल शक्ति 500 मिली ₹31 ₹33
अमूल शक्ति 1 लीटर ₹60 ₹64
अमूल गोल्ड 500 मिली ₹35 ₹37
अमूल गोल्ड 1 लीटर ₹68 ₹72
छठ से पहले बढ़ेगा रसोई का बजट
बिहार में छठ महापर्व के दौरान दूध की मांग काफी बढ़ जाती है। खरना के प्रसाद से लेकर अर्घ्य और पूजा की अन्य तैयारियों तक दूध की अहम भूमिका होती है। ऐसे समय में अमूल की कीमतों में बढ़ोतरी से त्योहार की खरीदारी का बजट बढ़ सकता है। खासकर उन परिवारों पर इसका असर अधिक पड़ेगा, जो रोजाना बड़ी मात्रा में दूध खरीदते हैं।