Anant Singh: मोकामा विधायक अनंत सिंह ने किया लोकसभा के चुनाव लड़ने का एलान, बेटी की शादी के बाद का बता दिया अपना प्लान

Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है।...

अनंत सिंह ने किया लोकसभा के चुनाव लड़ने का एलान- फोटो : X

Anant Singh:  मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में सरेंडर करने और जेल से रिहाई के बाद अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि फिलहाल उनका ध्यान बेटी की शादी पर है। 25 नवंबर को बेटी शिवांगी सिंह की शादी संपन्न होने के बाद 4 दिसंबर को वह सरेंडर करेंगे और जेल जाएंगे। रिहाई के बाद पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे। इसके बाद ही अपनी आगे की राजनीतिक राह तय करेंगे। हालांकि, उन्होंने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब विधानसभा नहीं, बल्कि लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे।

एक निजी न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में अनंत सिंह ने जनता दल यूनाइटेड से निष्कासन को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी से निकाले जाने का उन्हें कोई दुख नहीं है, बल्कि उन्हें खुशी है कि अब उन पर किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं रहेगा। उनका दावा है कि उन्होंने पार्टी के लिए काफी काम किया और मुश्किल समय में भी साथ दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया।

अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के भविष्य पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि अगले बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। उनका कहना था कि नीतीश कुमार की सक्रियता के कारण ही पार्टी की राजनीतिक पहचान बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार नहीं तो जदयू भी नहीं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के लिए काम करने के बावजूद उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला।

सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर भी अनंत सिंह ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें 22 वर्षों तक आवास उपलब्ध कराया था। उनकी पत्नी के नाम पर फ्लैट मिला था, लेकिन अब उसे खाली करने का नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे इतना बड़ा आवास दोबारा मिलना मुश्किल है।

बेटी की शादी में हो रहे भारी खर्च और शाही तैयारियों को लेकर भी अनंत सिंह ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया। करोड़ों की गाड़ियों, भव्य शामियाने, घुड़दौड़ और लाखों लोगों के भोज की चर्चाओं के बीच उन्होंने कहा कि शादी में उनका अपना खर्च नहीं हो रहा है। कोई थार गाड़ी दे रहा है तो कोई शामियाना लगवा रहा है। उनके अनुसार, दोस्तों और समर्थकों के सहयोग से शादी की तैयारियां की जा रही हैं।

अनंत सिंह के इन बयानों ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। खासकर लोकसभा चुनाव लड़ने के ऐलान और जदयू को लेकर उनकी भविष्यवाणी पर अब राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।