Nawada Fire: नवादा में पटाखे की चिंगारी से लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
Nawada Fire:नवादा शहर के न्यू एरिया स्थित चौरसिया कॉलोनी के पास देर रात पटाखे की चिंगारी से एक बगीचे में अचानक भीषण आग लग गई।...
Nawada Fire:नवादा शहर के न्यू एरिया स्थित चौरसिया कॉलोनी के पास देर रात पटाखे की चिंगारी से एक बगीचे में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसमान में उठती चिंगारियों ने आसपास रहने वाले लोगों को दहशत में डाल दिया। घनी आबादी वाले इस इलाके में आग फैलने की आशंका से अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल के ठीक बगल में ट्रांसफार्मर होने के कारण स्थानीय लोग किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से सहमे रहे।
आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पर मुकेश कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता और आसपास बने मकानों की निकटता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौरसिया कॉलोनी के आसपास का इलाका नवादा शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में शामिल है। बगीचे के चारों तरफ रिहायशी मकान होने के कारण आग के दूसरे घरों तक पहुंचने का खतरा बना हुआ था। वहीं, पास में बिजली का ट्रांसफार्मर होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई थी। यदि आग ट्रांसफार्मर तक पहुंच जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी के दौरान पटाखे से निकली चिंगारी बगीचे में गिरी होगी, जिससे सूखे पत्तों और झाड़ियों में आग लग गई। हालांकि, अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राहत की बात यह रही कि अग्निशमन विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इससे आसपास के मकानों और स्थानीय लोगों को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घटना ने एक बार फिर घनी आबादी वाले इलाकों में आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की जरूरत को रेखांकित किया है।
रिपोर्ट- अमन कुमार