Budget Session 2026: विधानसभा अध्यक्ष और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पहुंचे सदन, आज पेश होगा बिहार का बजट

Budget Session 2026: बिहार विधानमंडल का आज दूसरा दिन है। आज नीतीश सरकार सदन के पटल पर बजट रखेगी। आज की कार्यवाही के लिए सदस्यों का विधानसभा पहुंचने का सिलसिला जारी है..

विधानसभा अध्यक्ष पहुंचे सदन- फोटो : social media

Budget Session 2026: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। आज नई सरकार अपना पहला बजट पेश करेगी। बजट सत्र के लिए विधायकों और मंत्रियों का सदन में पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया है। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा सदन पहुंच गए हैं। सदन में आज वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव बजट पेश करेंगे। नीतीश सरकार 10.0 का यह पहला बजट है।

संजय सरावगी का बड़ा बयान 

इसके पहले भाजपा विधायक और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी सदन पहुंचे। जहां उन्होंने बजट सत्र को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में बिहार के लिए बहुत कुछ आने वाला है। आर्थिक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से आंकड़े सामने आए हैं, उससे साफ है कि बिहार अब विकसित राज्यों की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।

लगातार हो रहा विकास 

संजय सरावगी ने कहा कि सरकार पूरे राज्य को विकसित करने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर विकास दर और प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार अब तमिलनाडु जैसे विकसित राज्यों के बराबरी की ओर बढ़ चुका है। यह राज्य सरकार की नीतियों और लगातार किए जा रहे विकास कार्यों का नतीजा है।

टैरिफ घटाने के लिए मजबूर हुआ अमेरिका

अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाए जाने के मुद्दे पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत वैश्विक छवि और नेतृत्व का परिणाम है। संजय सरावगी ने कहा कि आज दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका भी टैरिफ घटाने के लिए मजबूर हुआ है, जो भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाता है।

इतने लाख करोड़  का बजट होगा पेश 

जानकारी अनुसार इस बार बजट का आकार पिछले वर्ष के 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये की तुलना में करीब 10 फीसदी बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि 2026-27 का बजट 3 लाख 48 हजार से 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये के बीच रह सकता है। पिछला बजट 2025-26 चुनावी वर्ष का था, जिसमें कुल 52 बड़ी लोकलुभावन घोषणाएं की गई थीं। 

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट