Bihar News : पटना में सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन, विशेषज्ञों ने HPV वैक्सीनेशन पर दिया जोर

Bihar News : विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर पटना में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

HPV वैक्सीनेशन पर जोर- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर पटना में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुलमोहर मैत्री, ज़ेवियर यूनिवर्सिटी, पटना और फोर्ड हॉस्पिटल, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में गुलमोहर मैत्री की संस्थापक एवं सचिव मंजू सिन्हा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव संभव है। इसके लिए महिलाओं को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की जरूरत है। उन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य बीमा लेने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी इस बीमारी को लेकर जागरूकता फैलाने की अपील की।

इस अवसर पर फोर्ड हॉस्पिटल की ओर से अनुराग दुबे ने अस्पताल का परिचय दिया। वहीं, अस्पताल की वरिष्ठ परामर्शदाता (प्रसूति एवं स्त्री रोग) डॉ. जागृति भारद्वाज ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. जागृति भारद्वाज ने HPV टीकाकरण, शुरुआती चेतावनी संकेतों और पैप स्मीयर जांच की उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता इस बीमारी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महिलाओं से नियमित जांच कराने और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने सर्वाइकल कैंसर से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। इस जागरूकता सत्र में ज़ेवियर यूनिवर्सिटी, पटना के कुलपति फादर डॉ. मार्टिन पोरस एसजे, फादर डॉ. शेरी जॉर्ज एसजे, डॉ. पीयूष रंजन सहाय सहित यूनिवर्सिटी के प्रबंधन, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच एवं बचाव के उपायों को प्रोत्साहित करना था।