बांकीपुर उपचुनाव मतदाताओं की सुस्त रफ्तार, सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान, सीएम सम्राट चौधरी की वोटरों से बड़ी अपील

बांकीपुर उपचुनाव बिहार की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। लेकिन पहले दो घंटे में मतदान प्रतिशत काफी कम रहा है.

Bankipur Assembly Bypoll Voting percent - फोटो : news4nation

 Bankipur Assembly Bypoll  :  राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान शुरू होने के साथ ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही देखी जा रही है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 9 बजे तक कुल 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में तेजी आएगी।


यह उपचुनाव बिहार की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा के गढ़ मानी जाने वाली बांकीपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज की ओर से पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में यह चुनाव भाजपा के लिए अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती है, वहीं प्रशांत किशोर के लिए इसे उनकी राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है।

सीएम सम्राट की अपील 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "पहले मतदान, फिर जलपान। लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। आइए, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।"


सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। विधानसभा क्षेत्र में सभी मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। कुल से अधिक मतदान केंद्रों (बूथों) पर मतदान कराया जा रहा है, जहां मतदाताओं की सुविधा के साथ सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, बिहार पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं। कई मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।


3 अगस्त को मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। 3 अगस्त को मतगणना होगी, जिसके बाद यह तय होगा कि बांकीपुर विधानसभा की जनता ने भाजपा के गढ़ को बरकरार रखा है या फिर किसी नए राजनीतिक समीकरण को स्वीकार किया है।