Barh Railway station: बाढ़ रेलवे स्टेशन पर सांड का आतंक, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, देखें वायरल वीडियो

Barh Railway station: बाढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक सांड के घुस आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन पर लावारिश मवेशियों से लोग अक्सर परेशान रहते हैं।

रेलवे स्टेशन पर सांड का आतंक- फोटो : news4nation

Barh Railway station: बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ रेलवे स्टेशन पर देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सांड प्लेटफॉर्म पर आ गया। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर एक पर इन्क्वायरी काउंटर के पास हुई, जहां बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। बताया जा रहा है कि यात्री अपनी-अपनी ट्रेन की जानकारी लेने और प्लेटफॉर्म की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सांड वहां आ गया और लोगों को दौड़ाने लगा। सांड को देखकर यात्री इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए स्टेशन पर हड़कंप मच गया।

हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोग काफी डर गए। कुछ यात्रियों ने सांड से बचने के लिए प्लेटफॉर्म छोड़कर सुरक्षित जगह पर शरण ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ रेलवे स्टेशन पर यह कोई नई बात नहीं है। यहां आए दिन लावारिश मवेशी घूमते नजर आते हैं। कभी सांड तो कभी बंदर स्टेशन परिसर में आ जाते हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रेलवे प्रशासन से मांग

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन परिसर में लावारिश जानवरों की समस्या पर जल्द ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो और यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट