Bihar Education News: बहुविषयक संस्थान बनेंगे बिहार के बीएड कॉलेज, AI की भी होगी पढ़ाई, तकनीक ऐसी जुड़ेगी शिक्षा से
Bihar Education News: राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने बीएड कॉलेजों को बहुविषयक संस्थानों में बदलने की कार्ययोजना तैयार की है।...
Bihar Education News: राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने बीएड कॉलेजों को बहुविषयक संस्थानों में बदलने की कार्ययोजना तैयार की है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद की हिदायतों के मुताबिक अमल में लाई जाएगी। सरकार ने वर्ष 2030 तक सूबे के सरकारी और गैरसरकारी बीएड कॉलेजों को बहुविषयक डिग्री संस्थानों के तौर पर विकसित करने का लक्ष्य तय किया है।
इस बदलाव के बाद बीएड कॉलेजों का दायरा महज शिक्षक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा। यहां कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में स्नातक की पढ़ाई शुरू होगी। साथ ही कौशल आधारित और रोजगारपरक व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को एक ही परिसर में अलग-अलग विषयों की तालीम हासिल करने का अवसर मिलेगा और उच्च शिक्षा के विकल्प लगातार बढ़ेंगे।
योजना के मुताबिक जिन इलाकों में अकेले बीएड कॉलेज के लिए जरूरी संसाधन जुटाना मुश्किल होगा, वहां उसे नजदीकी डिग्री कॉलेज में विलय किया जा सकता है। इसका मकसद भवन, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और शिक्षकों जैसे संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करना है। विलय से जुड़े फैसले स्थानीय जरूरतों और संस्थानों की क्षमता को ध्यान में रखकर होंगे।
एनसीटीई के निर्देशों के तहत बीएड कॉलेजों में आधुनिक तकनीक को शिक्षा का हिस्सा बनाया जाएगा। विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की बुनियादी जानकारी और उसके शैक्षणिक इस्तेमाल से परिचित कराया जाएगा। विभाग ने बीएड कॉलेजों के अलावा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों, बीआईटीई, पीटीईसी और सीटीई को भी बहुविषयक डिग्री महाविद्यालयों के रूप में विकसित करने के लिए कार्रवाई करने को कहा है।
विभागीय अधिकारी के मुताबिक इस पहल से शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर होने, अलग-अलग विषयों के बीच तालमेल बढ़ने और विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। योजना के सफल अमल के लिए संस्थानों में जरूरी शैक्षणिक ढांचा, शिक्षक और सुविधाएं विकसित करना बेहद अहम होगा।