Bihar School Accident: 12 बच्चों से भरी ई-रिक्शा को कार ने मारी टक्कर, कई की हालत गंभीर ,स्कूल प्रशासन की जवाबदेही पर उठे सवाल
Bihar School Accident,: अररिया में सोमवार सुबह स्कूल जा रहे मासूम बच्चों की जिंदगी सड़क हादसे ने खतरे में डाल दी।...
Bihar School Accident: अररिया में सोमवार सुबह स्कूल जा रहे मासूम बच्चों की जिंदगी सड़क हादसे ने खतरे में डाल दी। अररिया-रानीगंज मार्ग पर पावर हाउस के पास करीब 7:30 बजे एक कार ने बच्चों से भरी ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छह बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि छह अन्य को हल्की चोटें आईं। एक बच्चे का हाथ कटकर कार में फंस जाने की बात भी सामने आई है। इस दर्दनाक घटना ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी और बच्चों को स्कूल पहुंचाने के इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ई-रिक्शा पर आखिर 12 बच्चों को कैसे बैठाया गया। क्या पुलिस कुंभकर्णी नींद सोई थी।
हादसे के वक्त ई-रिक्शा में सवार बच्चे अल-गजाली इंटरनेशनल स्कूल, कुर्सीपुर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से गलत दिशा में आ रही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ई-रिक्शा में बैठे बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सबसे बड़ा सवाल ई-रिक्शा में बच्चों की संख्या को लेकर उठ रहा है। घायल चालक ने बताया कि वाहन में करीब 12 बच्चे सवार थे। वहीं, स्कूल के चेयरमैन मोहम्मद शाहजहां ने इस दावे को खारिज करते हुए छह से सात बच्चों के होने की बात कही है। दोनों बयानों के बीच यह सवाल अहम है कि आखिर बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं? क्या छोटे बच्चों को उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम के बिना ई-रिक्शा से ढोया जा रहा था? नियम के बावजूद एक ई रिक्सा में 12 बच्चे कैसे बैठाए गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। दो छात्र की नाजुक हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया। डॉक्टर के मुताबिक, छह बच्चों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दो की हालत गंभीर थी, जबकि चार खतरे से बाहर हैं। अन्य घायलों का भी इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन से जवाबदेही तय करने की मांग की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी साहब आलम ने स्कूल के रजिस्ट्रेशन की जांच कराने और गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस भी हादसे की जांच कर रही है। अब सवाल है कि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा और क्या इस हादसे के बाद स्कूलों के परिवहन इंतजामों की गंभीरता से जांच होगी?