Bihar bus routes: बिहार से पांच पड़ोसी राज्यों के लिए नई बस सेवाएं, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
Bihar bus routes: बिहार से झारखंड, यूपी, बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लिए 346 नए बस रूट तय किए गए है। इसके लिए परिवहन विभाग ने बस परमिट के लिए आवेदन मांगे।
Bihar bus routes: बिहार के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। राज्य के अलग-अलग शहरों से अब पांच पड़ोसी राज्यों के लिए नई बस सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। बिहार परिवहन विभाग ने उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लिए कुल 346 बस रूट तय किए हैं। इन रूटों पर बस चलाने के लिए वाहन मालिकों से आवेदन मांगे गए हैं।
परिवहन विभाग ने बताया है कि इच्छुक बस मालिक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी 24 फरवरी तक जमा करनी होगी। आवेदन में यह भी बताना होगा कि किस रूट पर कितने परमिट और कितनी सीटें खाली हैं।
झारखंड के लिए सबसे ज्यादा रूट
बिहार से सबसे ज्यादा बसें झारखंड के लिए चलाई जाएंगी। झारखंड के लिए करीब 200 रूट तय किए गए हैं। इन रूटों में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, छपरा, बक्सर, आरा, बेगूसराय, पूर्णिया, मधुबनी जैसे शहर शामिल हैं। यहां से रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, दुमका और गुमला जैसे शहरों तक बसें चलेंगी।
उत्तर प्रदेश, ओडिशा और बंगाल के लिए भी बसें
उत्तर प्रदेश के लिए कुल 34 रूट तय किए गए हैं। इनमें से 25 रूट राज्य परिवहन की बसों के लिए और 9 रूट निजी बसों के लिए होंगे। प्रमुख रूटों में पटना-वाराणसी, गया-सारनाथ, छपरा-गोरखपुर और मुजफ्फरपुर-गोरखपुर शामिल हैं। ओडिशा के लिए 39 रूट तय किए गए हैं, जिनमें पटना-भुवनेश्वर, गया-पूरी और भागलपुर-राउरकेला जैसे रूट हैं। वहीं पश्चिम बंगाल के लिए 45 रूट चिह्नित किए गए हैं। इनमें पटना-हावड़ा, पूर्णिया-कोलकाता, भागलपुर-कोलकाता और रक्सौल-सिलीगुड़ी जैसे रूट शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ के लिए भी मिलेगा सफर का नया विकल्प
बिहार से छत्तीसगढ़ के लिए 28 रूट प्रस्तावित हैं। इनमें पटना-अंबिकापुर, सासाराम-रायगढ़, छपरा-कोरबा और दरभंगा-कुनकुरी जैसे रूट शामिल हैं। इन नई बस सेवाओं से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और लंबी दूरी का सफर आसान होगा।