Bihar Board Inter Exam 2026: आज से इंटर परीक्षा शुरू, 13.17 लाख छात्र देंगे एग्जाम, गेट बंद होने के बाद एंट्री पर 2 साल का बैन

Bihar Board Inter Exam 2026: बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 आज यानी 2 फरवरी से शुरु होगी। करीब 13.17 लाख परीक्षार्थी एगजाम देंगे। परीक्षा देने से पहले अभ्यर्थी गाइडलाइंस को अच्छे से जान लें...

आज से इंटर की परीक्षा शुरु - फोटो : social media

Bihar Board Inter Exam 2026:  बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत आज यानी 2 फरवरी से हो रही है। परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। इंटर एग्जाम के लिए 1762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं और Zero Tolerance Policy अपनाई है।

पटना में 84 परीक्षा केंद्र, 4 मॉडल सेंटर

पटना जिले में इंटर परीक्षा के लिए कुल 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 73,963 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें से चार मॉडल परीक्षा केंद्र केवल छात्राओं के लिए निर्धारित किए गए हैं, ताकि सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

दो पालियों में होगी परीक्षा

बिहार बोर्ड की इंटर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक तो दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगा। छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए पहले 15 मिनट का ‘कूल ऑफ टाइम’ दिया जाएगा।

प्रवेश का समय तय, गेट बंद होने के बाद नो एंट्री

बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें। पहली पाली में गेट सुबह 9:00 बजे बंद होंगे तो वहीं दूसरी पाली में गेट दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिए जाएगें। निर्धारित समय के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।

नकल पर सख्ती, अवैध प्रवेश पर FIR

बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने साफ कहा है कि देर से आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि कोई छात्र दीवार फांदकर या जबरदस्ती परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश करता है, तो इसे आपराधिक घुसपैठ (Criminal Trespass) माना जाएगा। ऐसे मामलों में 2 साल के लिए परीक्षा से निष्कासन, एफआईआर दर्ज होगा और साथ ही, इसमें सहयोग करने वाले केंद्राधीक्षकों या कर्मियों पर भी निलंबन और कानूनी कार्रवाई होगी। 

दो लेवल की जांच

सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की दो स्तरों पर तलाशी ली जाएगी। मुख्य द्वार पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी में और परीक्षा कक्ष के अंदर वीक्षकों द्वारा के द्वारा जांच की जाएगी।  मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक वॉच, कैलकुलेटर या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

CCTV और वीडियोग्राफी से कड़ी निगरानी

परीक्षा को नकलमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। हर 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर तैनात रहेगा। प्रत्येक 25 छात्रों पर एक वीक्षक (Invigilator) नियुक्त किया गया है। वीक्षक को यह घोषणा-पत्र देना होगा कि परीक्षार्थियों के पास कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गई।