Bihar Board 10th Result 2026: बिहार बोर्ड मैट्रिक टॉपर्स की बल्ले-बल्ले, प्रथम स्थान वाले को मिलेगा 2 लाख और लैपटॉप, जानें पूरी इनामी राशि
Bihar Board 10th Result 2026:
Bihar Board 10th Result 2026:बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक (10वीं) परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। छात्र-छात्राएं अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। मैट्रिक में 2 छात्राओं ने टॉप किया है तो वहीं टॉप-10 में 139 परीक्षार्थी शामिल है। बिहार बोर्ड की ओर से सभी टॉपर्स को इनाम दिया जाएगा।
टॉप-10 में 139 परीक्षार्थी
बता दें कि, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2026 में प्रथम 10 रैंक तक स्थान प्राप्त किये हुए सभी 139 परीक्षार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा। समिति द्वारा गत् वर्ष 2025 से पुरस्कार राशि दोगुनी कर दी गई है। जानकारी अनुसार मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त किए हुए विद्यार्थी को 02 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त किए हुए विद्यार्थी को 1.5 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त किए हुए विद्यार्थी को 01 लाख रुपये प्रदान किया जाएगा।
इनको मिलेगा 20 हजार
चतुर्थ से दशम् तक स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 20 हजार रुपये प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों को एक-एक लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र तथा मेडल भी प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समिति द्वारा टॉप 10 विद्यार्थियों को देय "बिहार विद्यालय परीक्षा समिति देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद मेधा छात्रवृत्ति' में भी गत् वर्ष से बढ़ोत्तरी की गई है, जिसके अनुसार वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2026 में प्रथम 10 रैंक तक स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिमाह 02 हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में दिया जाएगा।
प्रतिमाह मिलेगी 2 हजार रुपए छात्रवृत्ति
सभी विद्यार्थियों को राज्य सरकार अथवा केन्द्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित रूप से नामांकित होकर अध्ययनरत् रहने पर 11वीं एवं 12वीं कक्षा में अर्थात् 2 वर्ष तक प्रतिमाह 02 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी अथवा तकनीकी डिप्लोमा पाठ्यक्रम में नियमित अध्ययनरत् रहने पर कोर्स की समाप्ति तक प्रतिमाह 02 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देय होगी। बिहार बोर्ड का यह कदम मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
पटना से वंदना की रिपोर्ट