Bihar Migrant Workers: बिहार के 7 लाख प्रवासी श्रमिकों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार, 276 परिवारों को मिले 9.66 करोड़ रुपये
Bihar Migrant Workers: बिहार के बाहर रोजी-रोटी कमाने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है।....
Bihar Migrant Workers: बिहार के बाहर रोजी-रोटी कमाने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ने अब तक सात लाख श्रमिकों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर लिया है। इस पहल का मकसद दूसरे राज्यों में काम करने के दौरान हादसे का शिकार होने वाले श्रमिकों के परिवारों को वक्त पर आर्थिक मदद और जरूरी सहारा मुहैया कराना है।
विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार प्रवासी दुर्घटना अनुदान योजना के तहत अब तक 276 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई है। इसके लिए करीब 9 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों और मृत श्रमिकों के आश्रितों के बैंक खातों में भेजी गई है। इस व्यवस्था से प्रभावित परिवारों को मुश्किल वक्त में आर्थिक संबल मिल रहा है और सरकारी सहायता के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की परेशानी कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके अलावा दूसरे राज्यों में असमय मौत का शिकार होने वाले बिहार के प्रवासी श्रमिकों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक जिले और गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। जरूरत पड़ने पर परिवारों को अन्य आपातकालीन सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस व्यवस्था के जरिए अब तक 303 प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है।
प्रवासी मजदूरों की परेशानियों को दूर करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए सहायता केंद्रों का दायरा भी बढ़ाने की तैयारी है। बिहार से बाहर 10 प्रमुख शहरों में नए प्रवासी श्रमिक कल्याण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही राज्य के भीतर भी ऐसे केंद्र खोलने की योजना है।इन केंद्रों के जरिए दूसरे राज्यों में काम करने वाले श्रमिकों को सरकारी योजनाओं, दुर्घटना सहायता और आपातकालीन सेवाओं से जोड़ने में सहूलियत मिलेगी।