Bihar Bird Flu Alert: बिहार में बर्ड फ्लू की दस्तक, चार कौओं की जांच में वायरस की पुष्टि, प्रशासन अलर्ट

Bihar Bird Flu Alert: बिहार में बर्ड फ्लू ने दस्तक देकर प्रशासन और पशुपालन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।....

Bird Flu Confirmed in Nalanda
बिहार में बर्ड फ्लू की दस्तक- फोटो : X

Bihar Bird Flu Alert: बिहार के नालंदा जिले में बर्ड फ्लू ने दस्तक देकर प्रशासन और पशुपालन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। डीएम आवास परिसर में मृत मिले चार कौओं के सैंपल की जांच रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस की पुष्टि हुई है। करीब दो सप्ताह पहले हुई इस घटना की रिपोर्ट सामने आने के बाद जिले में एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं। संक्रमण के संभावित फैलाव को रोकने के लिए जिला प्रशासन से लेकर राज्य स्तर तक निगरानी बढ़ा दी गई है।

जिला पशुपालन विभाग ने स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया है। इसके साथ ही शहर और आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। डीएम आवास से 12 किलोमीटर के दायरे में संचालित पोल्ट्री फार्मों की निगरानी की जा रही है। यहां पाले जा रहे मुर्गों के सैंपल जुटाकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, ताकि संक्रमण की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके।

जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे ने बताया कि बीते 6 नवंबर को डीएम आवास परिसर में चार कौए मृत पाए गए थे। इसके बाद सभी मृत पक्षियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। सैंपल पहले पटना, फिर कोलकाता और अंत में भोपाल की प्रयोगशाला भेजे गए थे। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिपोर्ट में बर्ड फ्लू के वायरस की मौजूदगी प्रमाणित हुई।

संक्रमण की पुष्टि के बाद पशुपालन विभाग ने एहतियात के तौर पर पशु चिकित्सकों और संबंधित कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सभी को अपने कार्यस्थल पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। विभागीय टीमें पोल्ट्री फार्मों की निगरानी, नमूना संग्रह और जरूरी जांच में जुटी हैं।

प्रशासन का जोर संक्रमण को आगे फैलने से रोकने और समय रहते संदिग्ध मामलों की पहचान करने पर है। फिलहाल आसपास के क्षेत्रों में निगरानी और जांच का सिलसिला जारी है।