Bihar Dengue Alert: मानसून के साथ डेंगू का हमला तेज, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट, पटना के कई इलाके हाई रिस्क जोन घोषित

Bihar Dengue Alert: मानसून की आमद के साथ ही राजधानी पटना में डेंगू का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। ....

डेंगू का हमला तेज- फोटो : social Media

Bihar Dengue Alert: मानसून की आमद के साथ ही राजधानी पटना में डेंगू का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। जुलाई के पहले पांच दिनों में ही 22 नए डेंगू मरीज सामने आए हैं, जबकि 30 जून तक पूरे जिले में केवल 23 मरीज दर्ज किए गए थे। यानी महज कुछ दिनों में संक्रमण की रफ्तार लगभग दोगुनी हो गई है। जिला संक्रामक रोग नियंत्रण कार्यक्रम कार्यालय के मुताबिक 5 जुलाई तक जिले में कुल 45 मरीज मिल चुके हैं। विशेषज्ञ इसे मानसून के साथ बढ़ते संक्रमण का शुरुआती इशारा मान रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष सामने आए करीब आधे मरीजों की पहचान निजी लैब में हुई है, जबकि बाकी मामलों की पुष्टि पीएमसीएच, एनएमसीएच और आईजीआईएमएस में जांच के बाद की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिहार में डेंगू का पीक सीजन सामान्यतः सितंबर और अक्टूबर होता है, लेकिन जुलाई में ही मरीजों की संख्या बढ़ना आने वाले दिनों के लिए चेतावनी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर बारिश के बाद जमा साफ पानी में तेजी से पनपते हैं। खाली प्लॉट, निर्माणाधीन भवन, कूलर, गमले, फ्रिज की ट्रे और घरों में खुले बर्तनों में जमा पानी इन मच्छरों के लिए मुफीद ठिकाना बन जाता है। यही वजह है कि कंकड़बाग, बांकीपुर, नूतन राजधानी और पटना सिटी के कई इलाकों को विशेष निगरानी में रखा गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्विलांस और लार्वा जांच अभियान चला रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सप्ताह में एक दिन और एक घंटे सफाई अभियान चलाने की अपील की है। कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें, फ्रिज की वेस्ट वाटर ट्रे साफ रखें, छत और बालकनी में पड़े पुराने टायर, टूटे बर्तन और कबाड़ हटाएं। गमलों की प्लेटों में पानी जमा न होने दें और घर के आसपास कहीं भी साफ पानी ठहरने न दें। विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी डेंगू जैसी गंभीर बीमारी से बचा सकती है। तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और बिना सलाह के दवा लेने से बचें।