बिहार चुनाव 2025: कांग्रेस दे सकती है पुरुषों से अधिक महिलाओं को टिकट, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का बयान

Bihar Assembly Election 2025: बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का बड़ा बयान कांग्रेस दे सकती है पुरुषों से अधिक महिलाओं को टिकट साथ ही बताया कि महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर हम लोग काम कर रहे हैं

कांग्रेस दे सकती है पुरुषों से अधिक महिलाओं को टिकट- फोटो : NEWS 4 NATION

N4N डेस्क: बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने मंगलवार (07 अक्टूबर, 2025) को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हिस्से में जितनी भी सीटें आएंगी, उनमें महिला प्रत्याशियों की संख्या पुरुषों से अधिक होगी।

सीट शेयरिंग पर काम जारी

राजेश राम ने महागठबंधन में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी इस पर काम कर रही है और बहुत जल्द इसका प्रमाण मिल जाएगा। इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही मीडिया के सामने की जाएगी।

दीपिका पांडेय ने NDA पर साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडेय ने प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि "दोनों मौसेरे भाई की तरह काम कर रहे हैं।"

उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री ने बिहार की महिलाओं के लिए क्या किया है और चुनाव से ठीक पहले ₹10,000 क्यों दिए जा रहे हैं। उन्होंने पूछा कि जब एनडीए सरकार केवल एक करोड़ महिलाओं को ₹10,000 दे रही है, तो बाकी महिलाएँ, जो गरीबी से जूझ रही हैं, उन्हें क्यों छोड़ दिया गया है? दीपिका पांडेय ने झारखंड में किए गए वादों को लागू करने का भी उल्लेख किया।

राजेश राम ने न्यायपालिका पर हमले को बताया निंदनीय

इस दौरान राजेश राम ने सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना को 'घोर निंदनीय' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम बीजेपी-आरएसएस की सरकार ने किया है। राजेश राम ने इस घटना को संविधान और न्यायपालिका पर सीधा हमला करार दिया।