'बिहार ने गुंडाराज देखा है, इसलिए इन पर नहीं भरोसा ', मुजफ्फरपुर को 1,047 करोड़ की सौगात देकर खूब बरसे सीएम सम्राट चौधरी

सीएम सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर में कई योजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने लालू-राबड़ी दे 15 वर्ष के शासनकाल की याद दिलाते हुए उसे जंगलराज बताया और खूब बरसे

Samrat Choudhary in Muzaffarpur- फोटो : news4nation

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की जनता ने गुंडाराज और अराजकता का दौर देखा है, इसलिए आज लोगों का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास की रफ्तार तेज हुई है और जनता विकास तथा सुशासन के आधार पर एनडीए के साथ खड़ी है।


मुजफ्फरपुर में सिकंदरपुर मरीन ड्राइव लेक-1, लेक-2 और लेक-3 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "बिहार के लोगों को मोदी-नीतीश पर भरोसा है, क्योंकि उन्होंने गुंडाराज और अराजकता देखी है। विपक्ष कहता है कि बिहार का खजाना खाली है, लेकिन सच्चाई यह है कि राज्य लगातार विकास कर रहा है।"


उन्होंने कहा कि 10 जुलाई को राज्य सरकार ने 98 लाख परिवारों के बैंक खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सीधे भेजी है, जो सरकार की आर्थिक क्षमता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर बिहार ने एनडीए को 202 सीटों की ऐतिहासिक जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

 

मुजफ्फरपुर के लिए बड़ी घोषणाएं

सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि शहर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी। साथ ही भविष्य में बिहार में रैपिड रेल परियोजना पर काम किया जाएगा, जिससे मुजफ्फरपुर से पटना की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 12 नए टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम कर रही है, जिनमें मुजफ्फरपुर में तिरहुत के नाम से एक आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने शहरों का विकास समय लेता है, लेकिन सरकार सड़क, पार्क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम कर रही है।


बिजली बिल हुआ शून्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र उपभोक्ताओं को मिल रहा है। इसके कारण बड़ी संख्या में परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में एक करोड़ नए लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।


बिहार तीन गुना गति से विकसित होगा

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म" के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार दिन-रात मेहनत कर बिहार को तीन गुना गति से विकसित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर की तर्ज पर माता सीता से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।


अपने एक दिवसीय मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 1,047 करोड़ रुपये की लागत वाली 981 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। एमआईटी परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल, सड़क, आधारभूत संरचना, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बुडको की कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार के विकास को नई गति मिलेगी।