बिहार में 12 IPS अधिकारियों का तबादला, डीजी से लेकर SDPO स्तर तक अधिकारियों को सीएम सम्राट ने बदला
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने बिहार में बड़े प्रशासनिक फेरबदल में डीजी रैंक से लेकर एसडीपीओ स्तर तक के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
Bihar IPS Transfer : बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी। इस फेरबदल में डीजी रैंक से लेकर एसडीपीओ स्तर तक के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। नई तैनाती के साथ कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अधिसूचना के अनुसार, 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार बनाया गया है। वह पहले बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम में महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थीं। वहीं 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी निर्मल कुमार आजाद, जो वर्तमान में पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) हैं, उन्हें पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
1995 बैच के आईपीएस अधिकारी पंकज कुमार दराद का तबादला करते हुए उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम बनाया गया है। इससे पहले वह आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और विशेष निगरानी इकाई का दायित्व संभाल रहे थे। 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधांशु कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें विशेष निगरानी इकाई का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी तरह 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अमृत राज को अपर पुलिस महानिदेशक, आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कारे सुरीता उर्फ कारे सुहिता अन्नपूर्णा को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) नियुक्त किया गया है। उन्हें अपराध अनुसंधान विभाग (कमजोर वर्ग) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसके अलावा राजेश कुमार को पुलिस महानिरीक्षक, एसटीएफ, जबकि पंकज कुमार राज को पुलिस महानिरीक्षक (रेल) बनाया गया है। एस. प्रेमलता को पुलिस महानिरीक्षक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य सरकार ने युवा अधिकारियों के स्तर पर भी बदलाव किया है। गरिमा को समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर, शिवम ठाकुर को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), मधुबनी तथा कोमल मीणा को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (विधि-व्यवस्था), पटना के पद पर तैनात किया गया है।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अविलंब नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी।