बिहार विधान परिषद के 8 एमएलसी का शपथ ग्रहण 23 नवंबर को, पहली बार निर्वाचित हुए हैं 3 MLC

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर अक्टूबर 2026 में हुए चुनाव में नीरज कुमार, अनिल कुमार झा, वंशीधर ब्रजवासी, डॉ. एनके यादव, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. सुरेश प्रसाद राय, नरेंद्र प्रसाद सिंह और राहुल राज विजयी हुए थे.

Bihar Legislative Council - फोटो : news4nation

Bihar MLC :  बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण 23 नवंबर, सोमवार को होगा। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण को लेकर सोमवार  को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद राज्यपाल शपथ ग्रहण की तिथि निर्धारित करने के लिए विधान परिषद के सभापति को अधिकृत करेंगे।  


दरअसल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया गया था। इनमें चार सीटें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार सीटें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की थीं। इन सीटों पर निर्वाचित वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो चुका है। नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही इन निर्वाचन क्षेत्रों का नया कार्यकाल औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा।



पांच पुराने चेहरे नहीं आएंगे नजर

आठ नए सदस्यों के सदन में पहुंचने के साथ ही बिहार विधान परिषद की राजनीतिक तस्वीर भी बदल जाएगी। इस चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चारों सीटों पर निवर्तमान विधान पार्षदों को हार का सामना करना पड़ा है। इनमें दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजय सिंह, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नवल किशोर यादव और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद शामिल हैं।

इसके अलावा दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हारने वाले निर्दलीय सर्वेश कुमार भी अब विधान परिषद में नजर नहीं आएंगे। इस तरह पांच पुराने सदस्यों की जगह नए चेहरे सदन में अपनी भूमिका निभाते दिखाई देंगे। इस चुनाव में सबसे चर्चित बदलावों में भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव की हार भी रही। वह करीब तीन दशक से विधान परिषद की राजनीति में सक्रिय थे। वहीं, कांग्रेस नेता मदन मोहन झा भी सदन के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में गिने जाते रहे हैं।

तीन सदस्य पहली बार लेंगे शपथ

प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में तीन ऐसे सदस्य भी होंगे, जो पहली बार विधान परिषद की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इनमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित डॉ. संजीव कुमार, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी राहुल राज और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित अनिल कुमार झा शामिल हैं।

अभिजीत की रिपोर्ट