बिहार में लड़कियों से छेड़खानी पर चलेगा ‘बुलडोजर’, अशोक चौधरी का ऐलान- कानून हाथ में लेने वालों को नहीं छोड़ेंगे
अशोक चौधरी ने जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समस्तीपुर मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि घटनाओं के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की है
Bihar News : बिहार में जमुई और समस्तीपुर में लड़कियों से छेड़खानी के मामलों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा है कि महिलाओं और लड़कियों को परेशान करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में कानून का पूरा ‘बुलडोजर’ चलेगा और जो भी कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे जेल भेजा जाएगा।
अशोक चौधरी ने जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समस्तीपुर मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि घटनाओं के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की है। उनके मुताबिक, सरकार का स्पष्ट संदेश है कि महिलाओं को परेशान करने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
अपराधी को बख्शेंगे नहीं
मंत्री ने कहा कि बिहार करीब 14 करोड़ की आबादी वाला राज्य है और समाज में ऐसे लोगों की कमी नहीं है जो कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से बिहार बदनाम होता है, लेकिन सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए कार्रवाई कर रही है। अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की व्यवस्था स्थापित की और अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार उसी व्यवस्था को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि घटनाएं होने से सरकार अपराधियों को बचाने की कोशिश नहीं करती, बल्कि कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने दूसरे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि अपराध की घटनाएं केवल बिहार में नहीं होतीं। उनके मुताबिक, अमेरिका और जापान जैसे विकसित देशों में भी अपराध होते हैं। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि घटना होने के बाद सरकार अपराधी के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
‘कोई भी कानून हाथ में लेगा तो जेल जाएगा’
अशोक चौधरी ने कहा कि अपराधी किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा स्थापित परंपरा के तहत कानून हाथ में लेने वाले व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार किसी अपराधी को बचाना नहीं चाहती। उन्होंने दोहराया कि अगर ऐसी घटनाएं होती हैं तो कार्रवाई होगी और अपराधियों के खिलाफ कानून का पूरा इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा स्थापित व्यवस्था को सरकार कायम रखेगी।
‘सरकार का इकबाल जनता तय करेगी’
सरकार के इकबाल और कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के जवाब में अशोक चौधरी ने कहा कि इसका फैसला 14 करोड़ की जनता करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार किन परिस्थितियों से निकलकर यहां तक पहुंचा है, इसे राज्य की जनता ने देखा है। उन्होंने कहा कि जमुई और समस्तीपुर में हुई घटनाओं में पुलिस और प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। समस्तीपुर मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अभिजीत की रिपोर्ट