पटना: रणक्षेत्र बना मनेर का छितनावा गांव, पुलिस के सामने भी बरसते रहे पत्थर, दर्जनों उपद्रवी दबोचे गए

मनेर में दो पक्षों को बीच फायरिंग और पथराव में कई लोग घायल हुए हैं. मामले को लेकर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है. वीडियो के जरिए लोगों की पहचान की जा रही है.

पटना: रणक्षेत्र बना मनेर का छितनावा गांव,- फोटो : news 4 nation

पटना जिले के मनेर थाना अंतर्गत छितनावा गांव में गुरुवार को बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते उग्र हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर गोलीबारी और रोड़ेबाजी हुई। इस हिंसक झड़प के कारण पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-बधर भागने लगे। पुलिस ने मौके से 4 राउंड फायरिंग होने की आधिकारिक पुष्टि की है।

जमकर हुई रोड़ेबाजी, महिला-पुरुष समेत आधा दर्जन घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर बरसने लगे। करीब आधे घंटे तक चले इस पथराव और गोलीबारी में महिला-पुरुष समेत कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई लोगों के सिर फूट गए हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के सामने भी होता रहा पथराव, 20 से ज्यादा हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची। हालांकि, उपद्रवियों का दुस्साहस इतना था कि वे पुलिस की मौजूदगी में भी एक-दूसरे पर पत्थरबाजी करते रहे। स्थिति को अनियंत्रित होता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और मौके से 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर उपद्रव के मुख्य कारणों और हथियारों के स्रोत का पता लगा रही है।

तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस बल तैनात, कार्रवाई की तैयारी

मनेर थानाध्यक्ष रजनीश के अनुसार, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है लेकिन गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अन्य दोषियों की पहचान की जा रही है। घटना में शामिल सभी अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।