Bihar Politics - मुख्यमंत्री नीतीश के 'महिला संवाद' के जवाब में कांग्रेस ने शुरू की 'चर्चा महिला की बात', महिला वोटरो में सेंध लगाने की तैयारी

Bihar Politics - सीएम नीतीश के महिला संवाद कार्यक्रम के जवाब में कांग्रेस ने भी महिलाओं से बात करने के लिए अपना कार्यक्रम शुरू किया है. यह कार्यक्रम हर प्रखंड में शुरू किया जाएगा।

Bihar Politics - मुख्यमंत्री नीतीश के 'महिला संवाद' के जवाब में कांग्रेस ने शुरू की 'चर्चा महिला की बात', महिला वोटरो में सेंध लगाने की तैयारी
कार्यक्रम की जानकारी देती अलका लांबा।- फोटो : NEWS4NATION

PATNA - सीएम नीतीश कुमार के आज से शुरू हुए महिला संवाद के जवाब में कांग्रेस ने भी बड़ी तैयारी कर ली है। पार्टी ने प्रदेश के सभी 534 प्रखंडो में महिलाओं के बीच ''चर्चा-महिला की बात, कांग्रेस के साथ'' कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में महिलाओं से उनकी समस्या को लेकर बातचीत की जाएगी। आज पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी। 

इस दौरान अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, शकील अहमद खां, मदनमोहन झा, प्रतिमा दास, शरबत जहां फातमा और राजेश राठौड़ की मौजूदगी में इसकी विधिवत लांचिंग की और पोस्टर जारी किया।

कैसी होगी चर्चा महिला की बात

चर्चा महिला की बात कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि सदाकत आश्रम में शुक्रवार से दो दिवसीय महिलाओं का विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ है। इसमें प्रशिक्षित 100 महिला कार्यकर्ता 20 अप्रैल को गांव-प्रखंडों के लिए रवाना होंगी। यह सभी हर एक प्रखंड में जाकर आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदी, मनरेगा मजदूर आदि से बातचीत केरेंगी। इसमें महिला समूहों की बात सुनी जाएगी।

प्रदेश कार्यकारिणी में बढ़ेगी महिलाओं की हिस्सेदारी

कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अलका लांबा ने बताया कि कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की तरह जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा जिसमें 50 प्रतिशत महिलाओं को जगह दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी पूरी कोशिश होगी कि पार्टी जितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, उसमें तीस परसेंट महिलाओं को मिले। विधानसभा चुनाव में महिलाओं को टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि 100 में 30 महिलाओं को जरूर जगह मिले।

महिलाओं की मांग को आगे लाया जाएगा

उनके मानदेय, पेंशन, यूनिफार्म आदि की मांग को आगे लाया जाएगा। इस बातचीत के आधार पर कांग्रेस विधानसभा चुनाव के समय चार्जशीट और फिर घोषणापत्र जारी करेगी जिसके जरिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत अन्य एनडीए नेताओं को घेरा जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिला संवाद आयोजित करने पर प्रतिक्रिया देते हुए अलका लांबा ने कहा कि यह संवाद नहीं, विवाद बनेगा। नीतीश कुमार कमजोर मुख्यमंत्री हैं, जिनकी विदाई तय है।

कांग्रेस क्या महिला मुख्यमंत्री का चेहरा आगे करेगी, इस सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि इन सारे विषयों के लिए समन्वय समिति बनाई गई है।

Editor's Picks