Bihar Politics: नीतीश कुमार इस दिन करेंगे एक अणे मार्ग खाली, सुबह सुबह 7 सर्कुलर रोड का किया निरीक्षण, राबड़ी देवी के बनेंगे पड़ोसी

Bihar Politics: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही सीएम आवास खाली करेंगे। 1 अणे मार्ग को छोड़ नीतीश कुमार अब 7 सर्कुलर रोड में रहेंगे। बता दें कि करीब 20 साल बाद नीतीश कुमार सीएम आवास छोड़ रहे हैं।

नीतीश कुमार 7 सर्कुलर रोड होंगे शिफ्ट - फोटो : News4Nation

Bihar Politics: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पूर्व सीएम नीतीश कुमार जल्द ही सीएम आवास खाली करने वाले हैं।  पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री आवास छोड़ने की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, वे पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास में शिफ्ट हो सकते हैं।

7 सर्कुलर रोड में होंगे शिफ्ट

मिली जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार मंगलवार को 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने करीब एक घंटे तक आवास का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बता दें कि यहां शिफ्ट होने के बाद नीतीश कुमार राबड़ी देवी के पड़ोसी बन जाएंगे। 

शिफ्टिंग प्रक्रिया को दिया जाएगा अंतिम रुप 

सूत्रों का कहना है कि निरीक्षण के बाद शिफ्टिंग की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकता है और जल्द ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री आवास खाली कर नए पते पर चले जाएंगे। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

 नीतीश के राजनीतिक सफर का अहम हिस्सा 

पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड का बंगला नीतीश कुमार के लिए नया नहीं, बल्कि उनके लंबे राजनीतिक सफर का अहम हिस्सा रहा है। नीतीश कुमार इससे पहले भी दो बार लंबे समय तक 7 सर्कुलर रोड में रह चुके हैं। वर्ष 2014 में जब जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री बने थे और बाद में पद छोड़ा, तब नीतीश इसी आवास में रहे। इसके बाद जब वे दोबारा मुख्यमंत्री बने, तब भी करीब एक साल तक यही उनका ठिकाना रहा। साल 2016 में 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास के रेनोवेशन के दौरान भी उन्होंने इसी बंगले से शासन चलाया था। यही वजह है कि यह आवास उनके लिए महज एक विकल्प नहीं, बल्कि राजनीतिक तौर पर खास महत्व रखता है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस बंगला

7 सर्कुलर रोड स्थित यह बंगला आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसे भूकंपरोधी तकनीक के आधार पर बनाया गया है, जो तेज झटकों को भी सहन कर सकता है। इसके अलावा सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया है। बंगले का बड़ा और सुसज्जित लॉन इसकी खास पहचान है, जहां कोलकाता से मंगाई गई विशेष घास लगाई गई है। आधुनिक डिजाइन और पर्याप्त स्पेस के कारण यह लंबे समय तक रहने के लिए उपयुक्त माना जाता है।

लालू यादव के पड़ोसी बनेंगे

शिफ्टिंग के बाद नीतीश कुमार का नया आवास राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के घर के पास होगा। ऐसे में दोनों दिग्गज नेताओं का पड़ोसी बनना राजनीतिक हलकों में दिलचस्प चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद के रूप में दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन पटना में उनका रहना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि वे बिहार की राजनीति से पूरी तरह दूरी नहीं बनाएंगे। जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में भी उनका प्रभाव राज्य की सियासत पर बना रह सकता है।

पटना से रंजन की रिपोर्ट