Bihar School Closed: बिहार के इन जिलों में बंद हुआ स्कूल, इन विद्यालयों की छुट्टी बढ़ी, शीतलहर के बीच जिला प्रशासन सख्त, घरों से ना निकलने की सलाह
Bihar School Closed: बिहार के कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है तो वहीं कई स्कूल जो पहले से बंद हैं उनकी छुट्टियों को बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन कड़ाके की ठंड को लेकर सख्त है। बच्चों को घरों से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है।
Bihar School Closed: बिहार में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। पहाड़ी इलाकों में रविवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। जिसके बाद मैदानी क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ गया। बिहार सहित पूरे उत्तर भारत में इसका असर देखने को मिल रहा है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए अब तमाम जिलों में स्कूलों को बंद किया जा रहा है। वहीं पटना सहित कई स्कूलों का टाइम बदल दिया गया है। ठंड को देखते हुए मौसम विभाग के साथ साथ जिला प्रशासन भी सख्त रुख अपना रहा है। लोगों को घरों से बाहर ना निकलने की सलाह दी जा रही है। ठंड के कारण अब लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं।
जिला प्रशासन का सख्त आदेश
वहीं ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर आदेश जारी किए हैं। गोपालगंज, छपरा, मुजफ्फरपुर, अररिया, बांका, गया और मधुबनी में स्कूलों के लिए जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया है। आदेश को ना मानने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी निजी और सरकारी शैक्षिणक संस्थानों को सख्त आदेश दिया गया है।
छपरा (सारण)- कक्षा 10 तक स्कूल 23 दिसंबर तक बंद
सारण जिले के डीएम वैभव श्रीवास्तव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर कक्षा 10 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को 23 दिसंबर 2025 तक बंद रखने का आदेश दिया है। पहले यह आदेश 21 दिसंबर तक था। जिसे ठंड के कारण बढ़ाया गया। कक्षा 10 से ऊपर की पढ़ाई सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। आंगनबाड़ी केंद्र दोपहर 12 से 2 बजे तक बच्चों को गर्म भोजन देने के लिए खुलेंगे।
गोपालगंज में सभी स्कूल बंद
जिला प्रशासन ने 22 दिसंबर से 24 दिसंबर तक गोपालगंज जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस आदेश के दायरे में प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। हालांकि प्रशासन ने कक्षा संचालन को लेकर आंशिक छूट भी दी है। आदेश के अनुसार 9वीं कक्षा और उससे ऊपर की कक्षाएं अब सुबह 10:00 बजे से पहले और शाम 4:30 बजे के बाद संचालित नहीं होंगी। यानी इन कक्षाओं की पढ़ाई निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही कराई जाएगी। वहीं राहत की बात यह है कि प्री-बोर्ड परीक्षा, बोर्ड परीक्षा और उनसे संबंधित विशेष कक्षाएं इस आदेश से पूरी तरह मुक्त रहेंगी। इन परीक्षाओं और विशेष कक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।
मुजफ्फरपुर में स्कूल समय में अस्थायी बदलाव
अत्यधिक ठंड को देखते हुए डीएम सुब्रत सेन ने सभी स्कूलों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। आदेश के अनुसार सुबह 10 बजे से पहले और दोपहर 3:30 बजे के बाद कोई शैक्षणिक गतिविधि नहीं होगी।
अररिया में कक्षा 5 तक पढ़ाई 24 दिसंबर तक स्थगित
डीएम विनोद दूहन ने कक्षा 5 तक के सभी स्कूलों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में 24 दिसंबर 2025 तक पढ़ाई पर रोक लगा दी है। कक्षा 5 से ऊपर की पढ़ाई सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी। आंगनबाड़ी केंद्र दोपहर 12 से 2 बजे तक खुलेंगे। जिले में शीतलहर से राहत के लिए 48 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है और कंबल वितरण जारी है।
बांका में सुबह 10 से पहले और शाम 4 के बाद कक्षाएं बंद
डीएम नवदीप शुक्ला के आदेश के अनुसार जिले में सभी स्कूलों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में सुबह 10 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद कक्षाएं नहीं चलेंगी। बोर्ड और प्री-बोर्ड कक्षाएं इससे मुक्त रहेंगी।
गया में कक्षा 5 तक स्कूल 24 दिसंबर तक बंद
गया जिले में शीतलहर के चलते कक्षा 5 तक के सभी विद्यालय 24 दिसंबर तक बंद रहेंगे। उच्च कक्षाओं के लिए समय सीमित कर दिया गया है।
मधुबनी में 25 दिसंबर तक समय में बदलाव
डीएम आनंद शर्मा ने आदेश जारी कर कहा है कि जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह 11 बजे से पहले और दोपहर 3 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियां नहीं होंगी। यह आदेश 25 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा। जिले में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी स्कूलों को लेकर नए निर्णय लिए जा सकते हैं। लोगों से अपील की गई है कि शीतलहर के दौरान सतर्क रहें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।