भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी चोट: सहायक अभियंता रितेश कुमार और SDM प्रेरणा सिंह के ठिकानों से करोड़ों की संपत्ति व सोने के सिक्कों के कागजात बरामद
बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से 84% अधिक संपत्ति मामले में पटना के सहायक अभियंता रितेश कुमार और गोपालगंज की SDM डॉ. प्रेरणा सिंह के 7 ठिकानों पर छापेमारी की। छापे में करोड़ों की जमीन, फ्लैट, बैंक लॉकर और बेनामी स्कॉर्पियो के दस्तावेज मिले
बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना स्थित नई राजधानी अवर पथ प्रमंडल-2 के सहायक अभियंता रितेश कुमार और उनकी पत्नी गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. प्रेरणा सिंह के विरुद्ध शिकंजा कसा है। अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के सत्यापन के बाद 23 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-29/2026 दर्ज किया गया है।
वैध आय से 84 प्रतिशत अधिक मिली संपत्ति
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दंपती ने सरकारी सेवा में आने के बाद पटना, हाजीपुर और मढ़ौरा समेत विभिन्न स्थानों पर पदस्थापन के दौरान अवैध तरीके से भारी संपत्ति अर्जित की। सत्यापन के दौरान दोनों के पास कुल 1,98,28,175 रुपये की अप्रत्यानुपातिक (आय से अधिक) संपत्ति पाई गई, जो उनके वैध सरकारी वेतन और अन्य ज्ञात स्रोतों की तुलना में 84 प्रतिशत अधिक है।
दानापुर से रोहतास तक 2.82 करोड़ की अचल संपत्ति
जांच के दौरान अभियुक्तों और उनके परिजनों के नाम से कुल 2,82,65,000 रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों का पता चला है। इसमें दानापुर के चंद्रशेखर नगर में रितेश कुमार के नाम 36.74 लाख रुपये की 4.5 डिसमिल भूमि और 8100 वर्गफीट भूखंड पर करीब 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बना जी+4 (G+04) मकान शामिल है। इसके अलावा पत्नी प्रेरणा सिंह के नाम दानापुर सहजादपुर में 43.71 लाख का भूखंड, रोहतास के सूर्यपुरा में 1.90 लाख की जमीन तथा मां सुनयना सिंह के साथ दानापुर के सात्विका गैलेक्सी में 40.30 लाख रुपये का फ्लैट भी खरीदा गया है।
बैंक खातों में लाखों जमा, बेनामी स्कॉर्पियो पर एसडीएम का बोर्ड
सत्यापन में एसबीआई, पीएनबी और यूनियन बैंक के कुल 10 बैंक व सावधि जमा खातों में लगभग 39.40 लाख रुपये जमा होने तथा अन्य वित्तीय संस्थानों में 16.88 लाख रुपये के निवेश की पुष्टि हुई है। वाहनों की जांच में दंपती के नाम एक हुंडई क्रेटा कार और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी निबंधित मिली है। इसके अतिरिक्त उनके पास एक बेनामी स्कॉर्पियो वाहन भी मिला है, जिस पर 'SDM, Gopalganj' का बोर्ड लगा पाया गया।
कोर्ट से वारंट के बाद 7 ठिकानों पर एक साथ धावा
मामला दर्ज होने के बाद निगरानी न्यायालय, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर 24 नवंबर 2026 को SVU की टीमों ने पटना, रोहतास और गोपालगंज स्थित 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें पटना के गोला रोड स्थित विवेक विहार कॉलोनी आवास, राजेंद्र पथ स्थित जनकमुनी अपार्टमेंट का फ्लैट, कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सहायक अभियंता का कार्यालय, बिक्रमगंज का पैतृक आवास, रोहतास के देवथ स्थित पैतृक घर तथा गोपालगंज में एसडीएम के आवास व कार्यालय शामिल हैं।
छापेमारी में झारखंड के फ्लैट और नई जमीन के कागजात बरामद
तलाशी अभियान के दौरान गोला रोड स्थित आवास से धनबाद (झारखंड) में एक फ्लैट खरीदने से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके साथ ही दानापुर के गोला रोड टी-पॉइंट के पास रितेश कुमार की मां विद्यावती देवी के नाम से खरीदे गए 10 डिसमिल चहारदिवारी युक्त भूखंड के कागजात भी जांच टीम के हाथ लगे हैं
9 लाख के सोने के सिक्के, एफडी और दो बैंक लॉकरों का खुलासा
छापेमारी के दौरान 5 नवंबर 2026 को अलंकार ज्वेलर्स से 9 लाख रुपये में खरीदे गए 10-10 ग्राम के 6 सोने के सिक्कों की रसीद मिली है। इसके अलावा एसबीआई व पीएनबी में 10 लाख रुपये की सावधि जमा (FD) के दस्तावेज, बेनामी स्कॉर्पियो के कागजात और 'ASDM, हाजीपुर' का बोर्ड भी बरामद हुआ है। टीम को एसबीआई की आनंदपुरी शाखा, पटना में दो बैंक लॉकर होने की जानकारी भी मिली है।
बैंक लॉकरों की जांच के बाद और बढ़ेगा संपत्ति का आंकड़ा
विशेष निगरानी इकाई का कहना है कि छापेमारी में मिले नए दस्तावेजों से दंपती की अवैध संपत्ति का दायरा और बढ़ गया है। अब एसबीआई स्थित दोनों बैंक लॉकरों को कानूनी प्रक्रिया के तहत खोला जाएगा, जिससे और अधिक चल-अचल संपत्तियों व निवेश का खुलासा होने की पूरी संभावना है। सभी ठिकानों पर तलाशी पूरी होने के बाद अंतिम विवरण जारी किया जाएगा।
पटना से अनिल की रिपोर्ट