Bihar News: बिहार में 1 करोड़ महिलाओं को मिलेगा रोजगार, हर साल 1000 छात्राओं को मिलेगी 10 हजार की बालिका पीएचडी फेलोशिप, सीएम सम्राट ने की घोषणा
Bihar News: बिहार में महिलाओं के रोजगार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
Bihar News: बिहार में महिलाओं के रोजगार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य में 1 करोड़ महिलाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बालिका पीएचडी फेलोशिप’ शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री बिहार राज्य महिला आयोग के 25वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फेलोशिप के तहत हर साल 1 हजार छात्राओं को प्रति माह 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें अनुसंधान के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में महिलाओं के लिए समर्पित एक विश्वविद्यालय की स्थापना पर भी काम चल रहा है। प्रस्तावित विश्वविद्यालय में पढ़ने से लेकर पढ़ाने तक की व्यवस्था महिलाओं के लिए होगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का मंच देना है।
जीविका और महिला रोजगार योजना पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका और मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से महिलाओं को जोड़ने के साथ उनके आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर दिया जा रहा है।उन्होंने महिलाओं को एनडीए सरकार की ‘रीढ़’ बताते हुए कहा कि राज्य के विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता से जोड़कर सामाजिक और आर्थिक बदलाव को गति देने की बात भी उन्होंने कही।
शैक्षणिक संस्थानों के पास ‘पुलिस दीदी’
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार शैक्षणिक संस्थानों के आसपास ‘पुलिस दीदी’ की व्यवस्था लागू करने वाला पहला राज्य है। इसका उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने डाक विभाग के सहयोग से महिला आयोग के 25वें स्थापना दिवस पर विशेष डाक टिकट जारी किया। इसके साथ ही आयोग की रजत जयंती स्मारिका का भी विमोचन किया गया।कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने भी संबोधित किया। समारोह में महिला शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषय प्रमुखता से सामने आए। मुख्यमंत्री की घोषणाओं में एक करोड़ महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और हर साल एक हजार छात्राओं को पीएचडी के लिए आर्थिक सहायता देने का लक्ष्य खास तौर पर चर्चा में रहा।