Bihar Toll Tax News: कच्ची दरगाह पुल व वीर कुंवर सिंह सेतु समेत कई सड़कों पर टोल दरें तय, देखें पूरी लिस्ट
हार सरकार ने स्टेट हाइवे- पुलों के लिए टोल टैक्स का निर्धारण कर दिया है. जल्द ही चिन्हित सभी स्टेट हाईवे और पुलों पर सफऱ करने में पैसे खर्च करने होंगे. जिन सड़कों-पुलों पर टोल-टैक्स लिया जाना है, इस संबंध में पथ निर्माण विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी
बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग ने चिन्हित स्टेट हाईवे और पुलों पर सफर के लिए टोल टैक्स का निर्धारण करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके लागू होने के बाद इन मार्गों और पुलों से गुजरने वाले वाहन चालकों को निर्धारित दरों के अनुसार टोल शुल्क चुकाना होगा।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल की टोल दरें
19 किलोमीटर 303 मीटर लंबे कच्ची दरगाह से बिदुपुर एक्स्ट्रा डोज सिक्स लेन न्यू गंगा पुल के लिए अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों पर प्रति किलोमीटर शुल्क तय किया गया है। कार, जीप, वैन या हल्के मोटर वाहनों को 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर, हल्के कॉमर्शियल वाहन, मालवाहक या मिनी बस को 2 रुपये प्रति किलोमीटर, दो धुरी वाली बस या ट्रक को 4.25 रुपये तथा तीन धुरी वाले कॉमर्शियल वाहन को 4.60 रुपये प्रति किलोमीटर देने होंगे, जबकि भारी निर्माण मशीनरी के लिए 6.65 रुपये और बड़े आकार के वाहनों के लिए 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है।
वीर कुंवर सिंह सेतु पर यात्रा का शुल्क
बबुरा और डोरीगंज के बीच गंगा नदी पर बने 21 किलोमीटर लंबे वीर कुंवर सिंह सेतु के लिए भी टोल दरें तय कर दी गई हैं। यहां कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए 1.25 रुपये, हल्के वाणिज्यिक व मालवाहक वाहनों के लिए 2 रुपये, दो धुरी वाली बस या ट्रक के लिए 4.25 रुपये तथा तीन धुरी वाले कॉमर्शियल वाहनों के लिए 4.60 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क लगेगा, वहीं भारी निर्माण मशीनरी पर 10.65 रुपये और बड़े आकार के वाहनों पर 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर टोल टैक्स देय होगा।
इन प्रमुख स्टेट हाईवे और मार्गों पर भी टोल तय
इन दोनों प्रमुख पुलों के अलावा विभाग ने राज्य के कई महत्वपूर्ण पथों के लिए भी टोल टैक्स निर्धारित किया है। इनमें बिहटा-पाली, बिहटा-सरमेरा, कुदरा-चेनारी-शिवसागर, बरूणाब्रिज-रसयारी (खंड-2), जहानाबाद-पार्वतीपुर, वरूणा-रसियारी, सासाराम-चौसा, बागी-बरबीधा, गया-रजौली, दरभंगा-कुशेश्वरस्थान, कादिरगंज-सोनो, सिवान-सरफरा और जमुई-लखीसराय पथ शामिल हैं।
अन्य चिन्हित सड़कों और पुलों की सूची
इसके अतिरिक्त भागलपुर-बांका, बेतिया-अरेराज-सीतामढ़ी (पहला व दूसरा खंड), मशरख-शीतलपुर, मांझी-बरौली, डेहरी-नासरीगंज-बिक्रमगंज-दिनारा, पटना-मसौढ़ी, आरा-सासाराम (खंड-1), शिवगंज-बैदराबाद (खंड-1 व 2), सकड्डी-सहार-नासरीगंज पथ, SH-102 (बिहटा-पीरो) व अरवल-सहार पुल, सरैया-मोतिपुर, सिवान-सिसवन तथा कुरसेला-फारबिसगंज (खंड-1 व 2) पर भी टोल टैक्स का निर्धारण किया गया है।