Bihar Weather: बिहार में होने लगा गुलाबी ठंड का एहसास, आज 23 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, IMD की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में अब गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। कई जिलों में बारिश का दौर थम गया है लेकिन कई जिलों में अब भी बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट हुई है जिससे सुबह शाम हल्की सिरहन महसूस हो रही...
Bihar Weather: बिहार में बीते दिनों भारी बारिश हुई। भारी बारिश से लोगों की जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। किसानों को भी भारी नुकसान हुआ। वहीं आज एक बार फिर मौसम विभाग ने 23 जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में तेज बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। साथ ही, रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हथिया नक्षत्र की बारिश ने मचाई तबाही
पिछले कुछ दिनों से हथिया नक्षत्र के प्रभाव में हुई भारी बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में तबाही मचा दी। नदियों के जलस्तर बढ़ने से जहां बाढ़ जैसी स्थिति बनी। वहीं तेज आंधी और बारिश से किसानों की खरीफ फसलें बर्बाद हो गईं। आलू, धान, सब्जी और मोटे अनाज की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भर जाने से पौधे सड़ने लगे हैं।
नेपाल की बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा
नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार पर भी दिख रहा है। कोसी और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। सुपौल जिले के छह प्रखंड बाढ़ की चपेट में हैं, जहां करीब 5 हजार घरों में पानी भर गया है। वहीं, मधुबनी में एक लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित हुई है। नेपाल की सरिसवा नदी में आए उफान से रक्सौल, रामगढ़वा, सुगौली, सेमरा और मोतिहारी के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
दो दिनों में सामान्य से 929% अधिक बारिश
मौसम सेवा केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो दिनों में राज्य में सामान्य से 929% अधिक बारिश दर्ज की गई। जहां सामान्य बारिश 10 मिमी होती है, वहीं इस अवधि में औसतन 92.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि सोमवार को बारिश नहीं हुई, फिर भी 24 जिलों में ठनका गिरने का खतरा बना हुआ है।
8 अक्टूबर तक सक्रिय रहेगा मौसम, 9 से शुष्क दौर
पटना मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई पर देखा जा रहा है। इसके प्रभाव से 8 अक्टूबर तक गरज-चमक और हल्की बारिश के आसार हैं। 9 अक्टूबर से मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इस बीच, सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है और गुलाबी सर्दी की शुरुआत हो गई है।