Bihar weather:सावधान बिहार! 30 जिलों में बारिश-वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट, बेतिया से गोपालगंज तक 8जिलों में अति भारी बारिश ,आकाशीय बिजली से सावधान रहने की चेतावनी
Bihar Weather: लगातार गिरते तापमान ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दी है, वहीं अब आसमान से बरसने वाले आफ़त के बादल नई मुसीबत बनकर मंडरा रहे हैं। ...
Bihar Weather: बिहार में पिछले चार-पांच दिनों से मौसम ने अचानक करवट ली है। लगातार गिरते तापमान ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दी है, वहीं अब आसमान से बरसने वाले आफत के बादल नई मुसीबत बनकर मंडरा रहे हैं। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने आज यानी 9 जुलाई 2026 के लिए राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश, मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने और बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
पटना में दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार पटना में आज भारी बारिश तो नहीं, लेकिन एक से दो दौर की अच्छी बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलेगी।मौसम विभाग के मुताबिक गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में मौसम सबसे ज़्यादा ख़तरनाक तेवर दिखा सकता है। इन जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ भीषण वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की आशंका है। हालात को देखते हुए प्रशासन को भी अलर्ट मोड में रहने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा अररिया, सुपौल, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और पूर्णिया में भारी बारिश, तेज़ हवा और वज्रपात की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दरभंगा, कटिहार, समस्तीपुर, सहरसा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली और शिवहर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जहां मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने का ख़तरा बना हुआ है।
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। किसान, मज़दूर और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें। राहत देने वाली बारिश अब आफत का सबब भी बन सकती है, इसलिए ज़रा-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करना ही इस वक्त सबसे बेहतर और महफ़ूज़ रास्ता है।