Bihar Rahul Gandhi visit: राहुल गांधी का पटना दौरा रद्द, आचार संहिता या सियासी मजबूरी? पढ़िए

Bihar Rahul Gandhi visit: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का प्रस्तावित पटना दौरा फिलहाल रद्द हो गया है।...

Rahul Gandhi Patna Visit Cancelled Code or Politics read
राहुल गांधी का पटना दौरा रद्द- फोटो : social Media

Bihar Rahul Gandhi visit: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का प्रस्तावित पटना दौरा फिलहाल रद्द हो गया है। 15 जुलाई को आयोजित होने वाला छात्र सम्मेलन अब नहीं होगा। कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर इसकी वजह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के चलते लागू आचार संहिता को बताया है। हालांकि, सियासी गलियारों में इस फैसले को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं और पार्टी के अंदरूनी हलकों में भी कई तरह की चर्चाएं तेज़ हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह छात्र सम्मेलन पहले 11 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदलकर 15 जुलाई कर दी गई। अब कार्यक्रम को पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है। कांग्रेस का कहना है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की प्रक्रिया जारी है और चुनावी आचार संहिता लागू होने के कारण इतने बड़े राजनीतिक आयोजन से चुनावी नियमों के उल्लंघन की आशंका थी। इसी वजह से कार्यक्रम टालने का फैसला लिया गया।

हालांकि, पार्टी सूत्रों के हवाले से यह चर्चा भी सामने आई है कि कार्यक्रम की तैयारियां तय समय तक पूरी नहीं हो सकीं। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस संगठन को करीब 10 हजार छात्रों का विस्तृत डेटा तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इनमें ऐसे छात्र शामिल किए जाने थे, जो NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों या समस्याओं से प्रभावित रहे हों, ताकि सम्मेलन में उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा सके। सूत्रों का दावा है कि निर्धारित समय तक आवश्यक संपर्क सूची और डाटा तैयार नहीं हो सका, जिससे तैयारियां प्रभावित हुईं। हालांकि, कांग्रेस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इधर, बीजेपी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने का मौका नहीं छोड़ा। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र नहीं, "टूरिज्म की राजनीति" करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 हजार युवाओं का डाटाबेस तक तैयार नहीं हो पाया और कार्यक्रम फ्लॉप होने के डर से राहुल गांधी का दौरा रद्द कर दिया गया।

फिलहाल राहुल गांधी के छात्र सम्मेलन की नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। अब निगाहें कांग्रेस के अगले फैसले पर टिकी हैं कि उपचुनाव खत्म होने के बाद यह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा या नहीं। वहीं, कार्यक्रम रद्द होने की असली वजह को लेकर सियासी बहस अभी भी जारी है।