Patna traffic: पटना में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, चितकोहरा ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, जानिए क्या है वैकल्पिक रूट

Patna traffic: पटना के व्यस्त चितकोहरा रेलवे ओवरब्रिज पर अगले 15 दिनों तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है।...

Patna traffic
पटना में ट्रैफिक व्यवस्था बदली- फोटो : social Media

Patna traffic: पटना के व्यस्त चितकोहरा रेलवे ओवरब्रिज पर गुरुवार से अगले 15 दिनों तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। पुल की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्यों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस दौरान ट्रक, हाइवा, बड़े मालवाहक वाहन और अन्य भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और तय रूट का इस्तेमाल करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, चितकोहरा रेलवे ओवरब्रिज से रोजाना करीब 20 हजार वाहन गुजरते हैं। इनमें स्कूली बसें, ट्रक, हाइवा और अन्य व्यावसायिक वाहन बड़ी संख्या में शामिल रहते हैं। लगातार बढ़ते ट्रैफिक और भारी वाहनों के दबाव के कारण पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट्स और बियरिंग्स काफी पुराने और जर्जर हो चुके थे। तकनीकी जांच में पाया गया कि बियरिंग्स में गैप आने से पुल पर कंपन महसूस होने लगी थी, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

इसी को देखते हुए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। इस दौरान पुराने बियरिंग्स बदले जाएंगे और सुपर स्ट्रक्चर को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि पुल की मजबूती और उम्र दोनों बढ़ाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ही भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित कर दिया है। एयरपोर्ट–पटेल गोलंबर की ओर से आने वाले भारी वाहन हार्डिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं अनिसाबाद की ओर से आने वाले वाहन चितकोहरा गोलंबर मीठापुर गर्दनीबाग 15 नंबर पुल मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ओवरब्रिज पहले से अधिक सुरक्षित और मजबूत होगा। तब तक वाहन चालकों से सहयोग, धैर्य और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि मरम्मत कार्य समय पर और बिना किसी व्यवधान के पूरा हो सके।