Bihar Weather: बिहार में बाढ़ के बीच 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं बढ़ाएंगी आफत, मौसम विभाग की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने बिहार के अलग-अलग हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश की आशंका जताई है। ...
Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने बिहार के अलग-अलग हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश की आशंका जताई है। रविवार को सीमांचल, सोमवार को उत्तर बिहार और मंगलवार को पश्चिम बिहार में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना में भी 8 सितंबर तक बादल छाए रहने के साथ झमाझम बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 सितंबर को उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य और दक्षिण पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में तेज हवा, वज्रपात और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। रविवार को अररिया, कटिहार और किशनगंज में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं करीब 20 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर एहतियात बरतने की जरूरत है। पश्चिम चंपारण से लेकर किशनगंज और अररिया तक बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है।
दूसरी तरफ पटना, भोजपुर, बक्सर, गया, नालंदा, औरंगाबाद समेत दक्षिण बिहार के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पटना में अगले चार दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
बारिश ने गर्मी पर भी ब्रेक लगा दिया है। शनिवार को पटना के तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा। 6 से 9 सितंबर के बीच अधिकतम तापमान 32 से 33 और न्यूनतम 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।