Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर! इस दिन से मौसम लेगा यू-टर्न, आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार के मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है। अप्रैल शुरु होते ही लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच राहत की खबर मिल रही है कि 5 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस दिन से फिर शुरु होगी बारिश - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य में अब धीरे-धीरे गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। हाल के दिनों में जहां कुछ इलाकों में बारिश और आंधी देखने को मिली थी, वहीं 3 अप्रैल को पूरे राज्य में मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलेगी और दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी।

5 अप्रैल से बदलेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में गर्मी और बादलों का मिला-जुला असर बना हुआ है। हालांकि, 5 अप्रैल के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। 6 और 7 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है। जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

पिछले 24 घंटे का हाल

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम सामान्य बना रहा। अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, हालांकि उत्तर-पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.3 से 37.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि कैमूर में सबसे अधिक 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सहरसा और समस्तीपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नालंदा के राजगीर में 37 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और पूरे राज्य में पछुआ हवा का प्रभाव बना रहा।

आज कैसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार 3 अप्रैल को उत्तर और दक्षिण बिहार के सभी हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।अगले 3-4 दिनों तक तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।