बिहार के 9 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 26 जिलों में यलो अलर्ट, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी

Bihar Weather: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और सूबे के कई इलाकों में बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। ...

भारी बारिश का रेड अलर्ट,- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और सूबे के कई इलाकों में बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, खगड़िया और समस्तीपुर समेत कई जिलों में बुधवार की  रात से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है।बिहार मौसम विज्ञान केंद्र  ने पटना सहित 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है, जबकि 26 जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

बिहार मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, कटिहार, अररिया, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, किशनगंज और बक्सर में अगले तीन से चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज़ वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।

बिहार मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि मानसूनी ट्रफ बिहार के आसपास सक्रिय है, जबकि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी से भरपूर पूर्वी हवाएं राज्य में प्रवेश कर रही हैं। इसी वजह से बारिश की गतिविधियां तेज़ बनी रहेंगी। कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ों के गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का भी खतरा है।

इस बीच बारिश के साथ वज्रपात ने भी जानलेवा रूप ले लिया है। जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के सिमरा गांव में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि मुंगेर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की जान चली गई। मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है और लोगों से बेवजह खुले मैदान, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है