Patna Airport Parking:पटना एयरपोर्ट पर पार्किंग महंगी, पिक-एंड-ड्रॉप में राहत, नई दरें लागू, यात्रियों की जेब पर बढ़ेगा बोझ

Patna Airport Parking: पटना एयरपोर्ट पर पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव लागू कर दिया गया है। ....

Parking at Patna Airport gets costlier
पटना एयरपोर्ट पर पार्किंग महंगी- फोटो : social Media

Patna Airport Parking: पटना एयरपोर्ट पर पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव लागू कर दिया गया है। नई एजेंसी को पार्किंग का ठेका मिलने के साथ ही संशोधित पार्किंग शुल्क भी प्रभावी हो गया है। नई व्यवस्था में जहां निजी वाहन से यात्रियों को पिक-एंड-ड्रॉप के लिए राहत दी गई है, वहीं ओला, ऊबर और अन्य व्यावसायिक वाहनों से सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले से अधिक भुगतान करना होगा।

एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, अब निजी वाहन से किसी यात्री को छोड़ने या लेने के लिए 9 मिनट तक का समय मुफ्त मिलेगा। पहले यह सीमा 7 मिनट थी। यानी अब दो मिनट की अतिरिक्त राहत मिलने से यात्रियों और उनके परिजनों को थोड़ी सहूलियत होगी। हालांकि, व्यावसायिक टैक्सी सेवाओं पर शुल्क में इज़ाफ़ा किया गया है। अब ओला, ऊबर और अन्य कॉमर्शियल वाहनों को एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश के लिए 55 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 40 रुपये था।

नई पार्किंग दरों के तहत बाइक और स्कूटी के लिए 0 से 30 मिनट तक का शुल्क पहले की तरह 10 रुपये ही रखा गया है। लेकिन निजी कार और 7-सीटर एसयूवी के लिए शुल्क 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है। वहीं ऑटो और 7 सीट से अधिक क्षमता वाले वाहनों का शुल्क अब 80 रुपये होगा, जबकि कोच, बस और ट्रक के लिए यह बढ़कर 200 रुपये कर दिया गया है। सभी शुल्कों में जीएसटी शामिल है।

इस बार पार्किंग व्यवस्था में प्रीमियम कार पार्किंग की नई श्रेणी भी जोड़ी गई है। इसमें 30 मिनट तक पार्किंग का शुल्क 100 रुपये और 30 मिनट से दो घंटे तक 130 रुपये निर्धारित किया गया है। इस सुविधा के तहत वाहन को मल्टी-लेवल पार्किंग में विशेष स्थान पर खड़ा किया जाएगा, जिससे बाहर निकलने में कम समय लगेगा।

दो घंटे से अधिक समय तक कार खड़ी रखने पर प्रति घंटे 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे, जबकि बाइक के लिए यह शुल्क 5 रुपये प्रति घंटे होगा। वहीं 7 घंटे से 24 घंटे तक कार पार्क करने पर 195 रुपये और बाइक के लिए 45 रुपये चुकाने होंगे।

एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि पटना एयरपोर्ट बी श्रेणी के हवाई अड्डों में शामिल है और यहां लागू नई पार्किंग दरें देश के अन्य बी कैटेगरी एयरपोर्ट के अनुरूप तय की गई हैं। हर दिन करीब 3 हजार वाहन एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करते हैं, जिनमें लगभग 1200 निजी वाहन निर्धारित समय के भीतर मुफ्त पिक-एंड-ड्रॉप का लाभ लेकर निकल जाते हैं, जबकि करीब 1800 वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूला जाता है। नई दरों के लागू होने के बाद यात्रियों को सुविधा और बढ़े हुए शुल्क, दोनों का संतुलन साधना होगा।