Bihar Weather: बिहार में फिर बढ़ी कनकनी, बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, आज इन जिलों के लिए अलर्ट जारी, घर से ना निकलें

Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में बारिश ने कनकनी बढ़ा दी है। अचानक बारिश होने से पूरे राज्य में मौसम का मिजाज बदल गया है। आज 5 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

मौसम विभाग का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल रहा है। कई जिलों में हुई बारिश के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कई जिलो में घने कोहरे और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 5 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि राजधानी पटना समेत कई जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन हल्के बादल छाए रह सकते हैं। शाम ढलते ही कनकनी बढ़ने और रात के समय कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य में अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

बीते 24 घंटे का हाल

पिछले 24 घंटों में पश्चिम चंपारण के बगहा में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि बक्सर में हल्की बूंदाबांदी हुई। औरंगाबाद, बेतिया, सुपौल समेत करीब 10 जिलों में सुबह कोहरे के साथ बादल छाए रहे। भागलपुर 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया।

क्यों बना हुआ है बारिश का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण बिहार में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे बादल बन रहे हैं और कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। इसके अलावा पछुआ और पूरवा हवाओं के टकराव से भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यही कारण है कि जनवरी के अंत में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ठंड बनी हुई है।

क्या और बढ़ेगी ठंड?

मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। खासकर न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी संभव है, जिससे सुबह और रात की ठंड बढ़ेगी। हालांकि कड़ाके की ठंड लौटने की संभावना नहीं है, लेकिन हल्की से मध्यम ठंड कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।

पूरे राज्य में बारिश की संभावना नहीं 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल राज्य में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि आज यानी 29 जनवरी की सुबह भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। 30 जनवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में भी सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने की उम्मीद है।

कैसा रहेगा पटना का मौसम 

राजधानी पटना में फिलहाल मौसम समान्य है। बारिश की संभावना फिलहाल पटना में कम है लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह और शाम में कनकनी महसूस की जा रही है। वहीं दिन में भी मौसम सुहाना बना रह रहा है। पटना में अधिकतम पारा करीब 23 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।