Bihar Weather: पटना में 'टेम्प्रेचर का टॉर्चर'! गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। जहां एक ओर तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचकर लोगों को झुलसा रहा है, वहीं मौसम विभाग ने अचानक आंधी-तूफान और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

भीषण गर्मी के बीच बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है। गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने अगले 4–5 दिनों के लिए अहम अपडेट जारी किया है। 23 अप्रैल को दोनों राज्यों में मिला-जुला मौसम रहने की संभावना है। जहां तेज गर्मी के साथ अचानक आंधी-तूफान भी दस्तक दे सकता है।

41 डिग्री पहुंचा तापमान 

राजधानी पटना में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। वहीं, बक्सर जिले के डुमरांव में 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। राज्य के कई जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है और हीटवेव जैसी स्थिति कायम है। हालांकि सीमांचल के जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में बादलों की आवाजाही देखी जा रही है। जिससे हल्की राहत के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों में बदले मौसम का असर इन इलाकों तक पहुंच रहा है।

13 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि बिहार, झारखंड और असम समेत 13 राज्यों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। 22–23 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहने की आशंका है।

24 अप्रैल से बदलेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल की शाम से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी बिहार में गरज-चमक के साथ आंधी-पानी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 27 और 28 अप्रैल को किशनगंज, अररिया और सुपौल में बारिश की संभावना जताई गई है।