Bihar Weather: बिहार में बदलेगा मौसम, पटना से भागलपुर तक आज तेज आंधी-बारिश का खतरा, 24 जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट

Bihar Weather: बिहार के मौसम में फिर से बदलाव आ गया है। पिछले कई दिनों से तपती धूप और बढ़ते पारे ने लोगों को परेशान किया हुआ था...

बिहार में बदलेगा मौसम- फोटो : X

Bihar Weather: बिहार के मौसम में फिर से बदलाव आ गया है। पिछले कई दिनों से तपती धूप और बढ़ते पारे ने लोगों को परेशान किया हुआ था, लेकिन अब मौसम ने करवट ली है और इस बार वह बारिश और आंधी के रूप में राहत लेकर आ रहा है। रविवार से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है।

आज से ही दिन में तेज धूप कम दिखेगी और बादलों की आवाजाही बढ़ जाएगी। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को यह बदलाव और अधिक स्पष्ट होगा। आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मार्च से 20 मार्च के बीच बिहार के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

15 मार्च को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और बेगूसराय में तेज हवा चल सकती है। 16 मार्च को लगभग पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि गरज-चमक और बारिश की संभावना अधिक है।

हालांकि 17 मार्च को मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। पश्चिमी बिहार के जिलों में ग्रीन जोन रहेगा, लेकिन उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवा जारी रह सकती है। पटना समेत कई शहरों में भी इसी प्रकार का मौसम रहेगा।

18 मार्च से 20 मार्च तक उत्तर-पूर्वी बिहार में फिर से मौसम बिगड़ने की आशंका है। दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, सहरसा और मधेपुरा सहित कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवा के साथ बारिश का असर महसूस किया जा सकता है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। तेज धूप से राहत मिलने वाली है, लेकिन साथ ही बारिश और आंधी के लिए तैयार रहना भी जरूरी है।