Bihar Rajya Sabha Chunav 2026: बिहार की 5वीं राज्यसभा सीट पर सियासी संग्राम,NDA-महागठबंधन ने बुलाई अहम बैठक, 3 बनाम 6 वोट का खेल

Bihar Rajya Sabha Chunav 2026: राज्यसभा की 5 सीटों के लिए सोमवार (16 मार्च) को होने वाले मतदान से पहले सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों में जोड़-तोड़, मशविरा और रणनीति का दौर तेज हो गया है।

Battle for Bihar 5th RS Seat NDA vs MGB Key Vote Game
बिहार की 5वीं राज्यसभा सीट पर सियासी संग्राम- फोटो : social Media

Bihar Rajya Sabha Chunav 2026: बिहार की सियासत में इन दिनों जबरदस्त हलचल और सियासी सरगर्मी देखने को मिल रही है। राज्यसभा की 5 सीटों के लिए सोमवार (16 मार्च) को होने वाले मतदान से पहले सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों में जोड़-तोड़, मशविरा और रणनीति का दौर तेज हो गया है। चार सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन असली मुकाबला पाँचवीं सीट को लेकर है, जिसने पूरे सियासी समीकरण को दिलचस्प बना दिया है।

दरअसल, इस सीट के लिए ना तो एनडीए के पास पूरा संख्याबल है और ना ही महागठबंधन के पास जीत का पक्का गणित। मौजूदा आंकड़ों के हिसाब से एनडीए को यह सीट अपने नाम करने के लिए सिर्फ 3 अतिरिक्त वोटों की जरूरत है, जबकि महागठबंधन को जीत की दहलीज पार करने के लिए करीब 6 वोटों की दरकार है। यही वजह है कि बिहार की राजनीति में कुछ छोटे दलों के विधायक अचानक बेहद अहम हो गए हैं।खासतौर पर ओवैसी की पार्टी के 5 विधायक और बसपा का एकमात्र विधायक इस चुनाव में ‘किंगमेकर’ की भूमिका में नजर आ रहे हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि इन विधायकों का रुख ही तय करेगा कि पाँचवीं सीट किसके खाते में जाएगी।

अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और दूसरे खेमे के वोटों को अपने पक्ष में लाने के लिए दोनों गठबंधन लगातार बैठकें कर रहे हैं। इसी सिलसिले में रविवार (15 मार्च) को एनडीए और महागठबंधन दोनों के विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज सभी विपक्षी दलों के विधायकों की बैठक बुलाकर चुनावी रणनीति पर मंथन करने का फैसला किया है। वहीं दूसरी ओर एनडीए की बैठक जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर आयोजित हो रही है, जहां गठबंधन के नेता चुनावी गणित पर चर्चा करेंगे।

इसी बीच बिहार की सियासत में एक और अहम मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से उनके आवास पर मुलाकात करने वाले हैं। खास बात यह है कि इससे पहले दोनों नेताओं के बीच इस तरह की बैठक नहीं हुई थी, लेकिन वोटिंग से ठीक पहले यह मुलाकात सियासी मायने रखती है।

सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय शर्मा और हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए की रणनीति और एकजुटता पर गहन चर्चा होगी।अब सबकी निगाहें इन बैठकों और अंतिम रणनीतियों पर टिकी हैं। क्योंकि बिहार की सियासत में 3 और 6 वोटों का यह गणित ही तय करेगा कि राज्यसभा की पाँचवीं सीट पर किसका परचम लहराएगा।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह