Bihar Weather: बिहार के 3 जिलों के आंधी-पानी का अलर्ट, पटना सहित इन शहरों में रिकॉर्ड गर्मी, जानिए कब होगी बारिश

Bihar Weather: बिहार के 3 जिलों के लिए आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पटना सहित कई जिलों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। फिलहाल इन जिलों में बारिश की संभावना नहीं है।

3 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। दिन के साथ साथ अब रात का तापमान भी चढ़ने लगा है। दिन मे तेज धूप परेशान कर रही हो तो वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। इसी बीच आज मौसम विभाग ने सीमांचल के जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। तीन जिलों में बारिश की संभवाना जताई जा रही है। वहीं अन्य जिलों में गर्मी से परेशानी बढ़ सकती है। 

इन जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट 

मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शनिवार को सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।

कई जिलों में 40 डिग्री पार पहुंचा तापमान 

मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के मध्य में ही कई जिलों का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। लोगों को तेज धूप और लू जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। पिछले 24 घंटों में कैमूर जिला सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डेहरी, औरंगाबाद और गया में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पछुआ हवा के प्रभाव से गर्मी लगातार बढ़ रही है।

21 अप्रैल से हीट वेव की स्थिति 

शनिवार को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह से ही तेज धूप रहने और दोपहर में गर्मी बढ़ने की संभावना है। खासकर दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। पटना, गया, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, बक्सर और नवादा में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस दौरान गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। 21 अप्रैल के बाद राज्य के कई जिलों में हीट वेव की स्थिति बनने की आशंका है। इस दौरान तेज और झुलसाने वाली गर्म हवाएं चल सकती हैं।

अगले 7 दिनों में बदल जाएगा मौसम 

मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल राज्य में बारिश या बादल की कोई बड़ी संभावना नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत से आ रही गर्म हवाओं का असर बिहार में साफ दिख रहा है। अगले 7 दिनों का मौसम की बात करें तो 19 अप्रैल को दक्षिणी जिलों में तापमान 41 डिग्री के आसपास रह सकता है। 20 अप्रैल को पछुआ हवा के कारण तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। 21-22 अप्रैल को कैमूर, औरंगाबाद, गया, रोहतास और बक्सर में लू चलने की आशंका जताई गई है। 23 अप्रैल को अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क, तापमान 40-42 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं 24-25 अप्रैल को गर्मी से राहत की संभावना कम है, दक्षिण बिहार में हीट वेव जैसे हालात बने रहने के आसार हैं।