सावधान! बिहार के 25 जिलों पर आफत का यलो अलर्ट,आंधी-बारिश और वज्रपात का मंडराया खतरा, पटना में बादल का रहेगा पहरा

Bihar Weather: मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।...

बिहार में भारी बारिश - फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। आज यानी रविवार को मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में लोगों को एहतियात बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ तथा बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है।

मौसम विभाग के अलर्ट में उत्तर और पश्चिमी बिहार के कई जिले शामिल हैं। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, सीवान, मुजफ्फरपुर, सारण और वैशाली में मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल औरंगाबाद में भी बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर बिहार के कई इलाकों में भी आसमान से राहत की बूंदें बरस सकती हैं। मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार को भी अलर्ट वाले जिलों में रखा गया है। इन इलाकों में स्थानीय स्तर पर मौसम अचानक पलट सकता है और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

हालांकि मौसम की इस करवट के बीच एक दूसरा पहलू भी सामने आया है। सीतामढ़ी, सहरसा और अररिया जैसे जिलों में अब भी बारिश की भारी कमी बनी हुई है। ऐसे में किसानों और ग्रामीण इलाकों के लिए बारिश की यह फुहार कुछ हद तक राहत लेकर आ सकती है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे इलाकों में खेतों और फसलों को पानी मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

राजधानी पटना की बात करें तो अगले चार दिनों तक आसमान में बादलों का डेरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रुक-रुककर बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

24 और 25 अगस्त को भी राजधानी में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं रुक-रुककर बारिश हो सकती है। वहीं 26 अगस्त को तापमान गिरकर करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। यानी आने वाले दिनों में पटना के लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर खासकर वज्रपात संभावित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम खराब होने पर खुले स्थानों में खड़े होने से बचना चाहिए। कुल मिलाकर बिहार में अगले कुछ दिनों तक बादल, बारिश, तेज हवा और गरज-चमक का दौर जारी रहने के आसार हैं।