बिहार का बजट पेश ... वित्त वर्ष 2026-27 का बजट 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का

Bihar Budget 2026- फोटो : news4nation

Bihar Budget 2026 :  बिहार विधानमंडल में मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया. वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 का बजट 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ 76 लाख रुपये का है. वित्त मंत्री ने कहा कि बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि 94 लाख गरीब परिवारों को सशक्त बनाने का लक्ष्य है.


उन्होंने कहा कि सात निश्चित तीन के संकल्प के साथ बिहार को विकसित राज्य में लाने का लक्ष्य रखा गया है. चौथे कृषि रोड मैप में किसानों को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि बिहार का बढ़ा बजट सामाजिक क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए बेहतर कदम है. बिहार का बजट पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है. उन्होंने कहा कि बिहार भी दूसरे राज्यो की तुलना में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ज्ञान, ईमान, विज्ञान, समान और सम्मान को विकसित किया. 


उन्होंने कहा कि एक  तरफ जहाँ भारत विश्व की अर्थव्यवस्था में सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ बिहार की आर्थिक विकास दर भी तेज गति से बढ़ने वाले राज्यों में शामिल है। वर्ष 2025-26 के लिए अनुमान है कि बिहार की अर्थव्यवस्था 14.9 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए बिहार सरकार ने सात निश्चय-1 और सात निश्चय-2 के माध्यम से रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। अब सात निश्चय-3 (वर्ष 2025-2030) के संकल्प के साथ बिहार को देश के अग्रणी विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य रखा गया है। 


 उन्होंने कहा कि इस  संकल्प के अंतर्गत राज्य के प्रति व्यक्ति आय को दोगुनी करना, एक करोड़ रोजगार अवसर सृजित करना और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। अब तक 1 करोड़ 56 लाख से अधिक महिला सदस्यों को 10,000 (दस हजार) रुपये की सहायता दी जा चुकी है। साथ ही, उनके व्यवसाय को और आगे बढ़ाने में मदद करने के लिए 2 (दो) लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।


बजट का बढ़ा आकार

वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार राज्य का बजट आकार 3,47,589.76 करोड़ रुपये (तीन लाख सैंतालीस हजार पाँच सौ नवासी करोड़ छिहत्तर लाख रुपये) है, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट आकार 3,16,895.02 करोड़ रुपये (तीन लाख सोलह हजार आठ सौ पन्चानवे करोड़ दो लाख रुपये) से 30,694.74 करोड़ रुपये (तीस हजार छः सौ चौरानवे करोड़ चौहत्तर लाख रुपये) अधिक है।