बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल, भीखूभाई दलसानिया और सौदान सिंह को बिहार के लिए बड़ी जिम्मेदारी

पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, बिहार के लिए भीखूभाई दलसानिया को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है और उनका केंद्र पटना रहेगा। सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है।

BJP Organisation Reshuffle - फोटो : news4nation

BJP :  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पार्टी संगठन में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। नई जिम्मेदारियों की सूची में बिहार पर भी विशेष फोकस किया गया है। पटना में भीखूभाई दलसानिया को भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। वहीं भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र की संगठनात्मक जिम्मेदारी अनंत नारायण मिश्र को दी गई है। ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।


पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, बिहार के लिए भीखूभाई दलसानिया को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है और उनका केंद्र पटना रहेगा। इसके अलावा अनंत नारायण मिश्र को संगठक बनाया गया है। उन्हें भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनका केंद्र पूर्णिया रहेगा।


सौदान सिंह को बिहार समेत चार राज्यों की जिम्मेदारी

बीजेपी ने राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन में कई बदलाव किए हैं। सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। उन्हें बिहार के साथ झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र भुवनेश्वर रहेगा। वहीं शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनके जिम्मे आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का संगठन रहेगा। उनका केंद्र मुंबई निर्धारित किया गया है।


महाराष्ट्र में अजय जामवाल को जिम्मेदारी

सूची के मुताबिक, अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है और उनका केंद्र मुंबई रहेगा। सतीश धोंड को महाराष्ट्र का प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त करने के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र नागपुर रहेगा। मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है, जबकि दशरथ को तेलंगाना में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिली है।


कई राज्यों में बदली संगठन की जिम्मेदारी

नई सूची में असम, त्रिपुरा, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पवन साई को झारखंड का प्रदेश महामंत्री (संगठन), सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश, रत्नाकर को गुजरात तथा दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव, फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड और कर्मवीर को दिल्ली-हरियाणा की जिम्मेदारी दी गई है।


इसी तरह चंद्रशेखर को छत्तीसगढ़, मानस मोहंती को मध्य प्रदेश, मंत्री श्रीनिवासुलु को ओडिशा, धर्मपाल को पंजाब-चंडीगढ़ और अमिताभ चक्रवर्ती को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पश्चिम बंगाल में भी संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए नई नियुक्ति की गई है।


संगठन विस्तार पर जोर

भाजपा की ओर से जारी नियुक्तियों में राष्ट्रीय स्तर के पदों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पार्टी के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। सूची की जानकारी राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग की ओर से जारी की गई है।