Bihar BJP Protests: खड़गे के बयान पर बिहार में सियासी बवाल, बीजेपी ने निकाला विरोध मार्च; थाने में शिकायत

Bihar BJP Protests: बिहार में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।...

खड़गे के बयान पर बिहार में सियासी बवाल- फोटो : reporter

Bihar BJP Protests: बिहार में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध मार्च निकाला। वहीं, सासाराम में भाजपा कार्यकर्ता खड़गे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग लेकर नगर थाने पहुंचे। इस घटनाक्रम ने बिहार की सियासत में जुबानी जंग को और तेज कर दिया है।

पटना में बीजेपी का विरोध मार्च, राहुल-खड़गे से माफी की मांग

पटना स्थित भाजपा कार्यालय से प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैनर और पोस्टर लेकर कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। पोस्टरों पर ‘बुजुर्ग खड़गे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो’ जैसे नारे लिखे थे।प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने खड़गे के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को पूरे देश से कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते हुए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है।इसी मामले में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पटना में कांग्रेस के कार्यक्रम में क्या बोले थे खड़गे?

दरअसल, रविवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की थी। एक कार्यकर्ता ने कहा था कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं और जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं हटेगी। इस पर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।’

इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उक्त कार्यकर्ता की पिटाई कर दी। खड़गे के बयान और कार्यक्रम में हुए इस घटनाक्रम के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राजनीतिक विरोध के दौरान भी भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

सासाराम में भी खड़गे के खिलाफ कार्रवाई की मांग

वहीं, रोहतास जिले के सासाराम में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। भाजपा के नगर अध्यक्ष संदीप कुमार सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर थाने पहुंचे और खड़गे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए आवेदन सौंपा। उनके साथ भाजपा के विधिक प्रकोष्ठ के अधिवक्ताओं की टीम भी मौजूद रही।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी से करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका दावा है कि इस तरह के बयान से सामाजिक और राजनीतिक माहौल बिगड़ सकता है। कार्यकर्ताओं ने भारतीय न्याय संहिता  की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की।सासाराम नगर थाने में मौजूद पुलिस अधिकारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आवेदन प्राप्त किया और उन्हें उसकी एक प्रति भी उपलब्ध कराई।

बयान पर बढ़ा सियासी टकराव

खड़गे के बयान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तल्खी बढ़ती दिखाई दे रही है। भाजपा इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा से जोड़कर कांग्रेस पर निशाना साध रही है, जबकि इस घटनाक्रम का राजनीतिक असर आगामी दिनों में और व्यापक हो सकता है।

ब्यूरो रिपोर्ट के साथ सासाराम से रंजन की रिपोर्ट