अनंत सिंह की विस सदस्यता पर जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान: बोले- 'कार्रवाई जारी है, नोटिस तैयार किया जा रहा है'
अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का बड़ा बयान सामने आया है। कहा है कि विस सचिव सचिव ने उन्हें अवगत कराया है कि इस पूरे मामले पर नियमानुसार कार्रवाई चल रही है और विधायक को नोटिस भेजने के लिए दस्तावेज तैयार किए ..
Patna : बिहार की राजनीति में मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह के निष्कासन और उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी सिलसिले में जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधान परिषद सदस्य संजय गांधी ने विधानसभा के सचिव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कल पार्टी द्वारा सौंपे गए पत्र और सदस्यता रद्द करने की मांग पर अब तक हुई कार्रवाई के संबंध में पूरी जानकारी ली।
'कार्रवाई चल रही है, नोटिस तैयार किया जा रहा है'
विधानसभा सचिव से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया कि सचिव ने उन्हें अवगत कराया है कि इस पूरे मामले पर नियमानुसार कार्रवाई चल रही है और संबंधित विधायक को नोटिस भेजने के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि हमारे संविधान और नियमों के तहत पार्टी को यह अधिकार प्राप्त है कि वह ऐसे मामलों में कदम उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस पर सवाल उठाने वाले लोग जाकर नियमों की जानकारी लें।
पार्टी संविधान के उल्लंघन पर सदस्यता रद्द होने की मांग
उमेश कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि हम लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष से यह आग्रह किया है कि अनंत सिंह की सदस्यता रद्द की जानी चाहिए, क्योंकि उन्होंने पार्टी के संविधान और अनुशासन का गंभीर उल्लंघन किया है। उनके द्वारा किए गए कृत्य और पार्टी विरोधी गतिविधियां उनकी सदस्यता समाप्त करने के लिए पूरी तरह से पर्याप्त हैं।
पति-पत्नी दोनों पर पार्टी उम्मीदवार को हराने का गंभीर आरोप
पूर्व विधायक नीलम देवी को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भले ही उनके व्यक्तिगत निष्कासन की अलग जानकारी हो, लेकिन सच्चाई यह है कि पति और पत्नी दोनों मिलकर लगातार हमारे आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे थे और उन्हें हराने का पूरा प्रयास कर रहे थे। ऐसे में पार्टी विरोधी कार्य करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होना बिल्कुल स्वाभाविक और तय था।
'नीतीश कुमार के संस्कारों के विपरीत है अमर्यादित भाषा का प्रयोग'
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने अनंत सिंह द्वारा इस्तेमाल की जा रही अमर्यादित भाषा और अपशब्दों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि लगातार इस तरह की भाषा का प्रयोग करना हमारी पार्टी और राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा नहीं है। हम सभी पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करते हैं और उनके द्वारा दिए गए शालीनता व सेवा के संस्कारों को अपनाकर आगे बढ़ रहे हैं और आगे भी इसी मार्ग पर चलेंगे।
अभिजीत की रिपोर्ट